Published: Friday, September 18, 2026, 12:49 [IST]
UGC NET जून 2026 में इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की दोबारा हुई परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इन तीनों विषयों के री-एग्जाम का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपना स्कोर कार्ड और क्वालीफाइंग स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। रिजल्ट के साथ NTA ने इन विषयों की फाइनल आंसर की और कैटेगरी के हिसाब से कट ऑफ भी जारी की है।
उम्मीदवार अपना रिजल्ट देखने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर लॉगिन कर सकते हैं। री-एग्जाम में बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल हुए थे और रिजल्ट में JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD ऑनली कैटेगरी के लिए योग्य उम्मीदवारों की संख्या भी सामने आई है।
1.96 लाख उम्मीदवारों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की दोबारा परीक्षा सितंबर 2026 में कराई गई थी। इन तीनों विषयों के लिए कुल 1,96,491 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें 1,29,552 महिला, 64,931 पुरुष और 8 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल थे। हालांकि, रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी उम्मीदवार परीक्षा में नहीं पहुंचे। कुल 1,20,355 उम्मीदवारों ने री-एग्जाम दिया।
ये भी पढ़ें: UPSC ESE 2027 का नोटिफिकेशन जारी, कितने पोस्ट पर इस बार होगी भर्ती? चेक करें अप्लाई करने की लास्ट डेट
272 शहरों में बनाए गए थे परीक्षा केंद्र
री-एग्जाम देशभर के 272 शहरों में 454 परीक्षा केंद्रों पर कराया गया था। इंग्लिश और कॉमर्स विषय की परीक्षा 9 सितंबर 2026 को हुई थी, जबकि सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर 2026 को आयोजित किया गया था।
824 उम्मीदवारों ने JRF किया क्वालीफाई
NTA की ओर से जारी रिजल्ट के अनुसार री-एग्जाम में कुल 824 उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए क्वालीफाई हुए हैं। इसके अलावा 11,610 उम्मीदवार असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए योग्य पाए गए हैं। वहीं 23,154 उम्मीदवार PhD ऑनली कैटेगरी के लिए क्वालीफाई हुए हैं।
NTA के मुताबिक योग्य उम्मीदवारों की एलिजिबिलिटी की जांच सेल्फ डिक्लेरेशन और संबंधित डॉक्यूमेंट के वेरिफिकेशन के बाद की जाएगी। यह प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार संबंधित अधिकारियों की ओर से पूरी होगी।
प्रश्न पत्र में मिली थीं कई गलतियां
इन तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने के पीछे प्रश्न पत्र से जुड़ी शिकायतें मुख्य वजह थीं। मूल परीक्षा के प्रश्न पत्र को लेकर उम्मीदवारों ने NTA के सामने आपत्तियां रखी थीं। इसके बाद प्रश्न पत्र की समीक्षा के लिए एक समिति बनाई गई। समिति को पेपर में तथ्य से जुड़ी गलतियां, टाइपिंग की गलतियां और अनुवाद से जुड़ी खामियां मिलीं। इसके अलावा कुछ नाम और किताबों के टाइटल में भी गलतियां पाई गई थीं।
NTA के अनुसार सिर्फ गलत सवाल हटाकर इन कमियों को ठीक करना पर्याप्त नहीं था। इसी वजह से इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया।
10 से 13 सितंबर तक दर्ज हुईं आपत्तियां
री-एग्जाम के प्रश्न पत्र, प्रोविजनल आंसर की और उम्मीदवारों के रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स 10 सितंबर को वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए थे। उम्मीदवारों को प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 13 सितंबर तक का समय दिया गया था।
NTA ने बताया कि उम्मीदवारों से मिली आपत्तियों को विषय विशेषज्ञों के पास जांच के लिए भेजा गया। विशेषज्ञों की जांच के बाद तैयार की गई फाइनल आंसर की के आधार पर रिजल्ट तैयार किया गया।
ऐसे चेक करें UGC NET री-एग्जाम रिजल्ट
उम्मीदवार अपना स्कोर कार्ड देखने के लिए इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- अब होम पेज पर दिए गए कैंडिडेट एक्टिविटी या रिजल्ट सेक्शन को खोलें।
- इसके बाद UGC NET जून 2026 स्कोर कार्ड री-एग्जाम के लिंक पर क्लिक करें।
- अब मांगी गई लॉगिन डिटेल दर्ज करें।
- आखिर में सबमिट पर क्लिक करें। आपका स्कोर कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- उम्मीदवार अपने स्कोर कार्ड को डाउनलोड करके भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट भी रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: 'UGC में बड़ी जान-पहचान है', नौकरी और PhD के नाम पर 36 लाख की ठगी, कैसे खुला फर्जी अफसर का राज?