रांची38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रांची में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 मैच के लिए जेएससीए ने टिकट की दरें जारी कर दी हैं। जेएससीए स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के लिए सबसे सस्ता टिकट 1600 और सबसे महंगा 18 हजार रुपए का होगा।
सूत्रों के अनुसार, टिकट की बिक्री 6 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। 6 से 8 अक्टूबर तक ऑफलाइन टिकट के लिए काउंटर बनाए जाएंगे। सभी श्रेणी के टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेंगे। जेएससीए प्रबंधन अगले दो-तीन दिनों में आधिकारिक तारीख घोषित कर सकता है। अलग-अलग विंग और श्रेणी के अनुसार टिकट की कीमत तय की गई है।
विंग ए के लोअर टियर का टिकट 3 हजार और अपर टियर का 2 हजार रुपए होगा। विंग बी के लोअर टियर के लिए 3500 और अपर टियर के लिए 2500 रुपए देने होंगे। विंग सी के लोअर टियर का टिकट 3 हजार और अपर टियर का 2 हजार रुपए है। विंग डी के लोअर टियर का टिकट 3 हजार और स्पाइस बॉक्स का 2500 रुपए होगा। ईस्ट और वेस्ट हिल का टिकट 1600 रुपए रखा गया है।
अमिताभ चौधरी पवेलियन में प्रीमियम टेरेस का टिकट 4500 रुपए का होगा। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर के लिए 18 हजार, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स के लिए 9 हजार व कॉरपोरेट लाउंज के लिए 15 हजार रुपए देने होंगे।
2023 के मुकाबले 600 रुपए महंगा है सबसे सस्ता टिकट
जेएससीए में जनवरी 2023 में हुए भारत-न्यूजीलैंड टी20 मैच की तुलना में इस बार टिकट की शुरुआती कीमत बढ़ी है। 2023 में सबसे सस्ता टिकट 1000 रुपए का था, जबकि इस बार शुरुआती दर 1600 रुपए है। यानी न्यूनतम टिकट 600 रुपए महंगा हुआ है। 2023 में सबसे महंगा टिकट 10 हजार रुपए का था, जबकि इस बार हॉस्पिटैलिटी श्रेणी में अधिकतम दर 18 हजार रुपए है।
मेंबर्स के लिए 5 और 6 अक्टूबर को टिकट कलेक्शन
जेएससीए प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, लाइफ मेंबर्स के लिए अधिकतम 5 टिकट की व्यवस्था है। संबद्ध जिलों को अधिकतम 100 और संबद्ध स्कूल, क्लब व संस्थानों को 25 टिकट दिए जाएंगे।
जमशेदपुर में 5 अक्टूबर को कीनन स्टेडियम स्थित जेएससीए कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक टिकट मिलेंगे। रांची में 6 अक्टूबर को एमएस धौनी पवेलियन के साउथ गेट से सुबह 10 से शाम 5 बजे तक टिकट लिए जा सकेंगे। टिकट लेने के लिए जेएससीए फोटो आईडी या वैध पहचान पत्र दिखाना होगा। संबद्ध इकाइयों को टिकट के लिए 2 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक अपनी मांग जेएससीए को भेजनी होगी।

बिना टिकट स्टेडियम के पास नहीं जा पाएंगे...इधर, मैच के आयोजन को लेकर सोमवार को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा हुई।
.