आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'लगान' के 25 साल पूरे हुए। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में इसका खास जश्न मनाया गया जहां आमिर खान की मुलाकात फिल्म में एलिजाबेथ का किरदार निभाने वालीं रेचल शेली से हुई।
'लगान' फिल्म के 25 साल पूरे
- Published: 13 Jul 2026, 06:13 PM IST
- Last Updated: 13 Jul 2026, 06:13 PM IST
Aamir Khan Lagaan movie: आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'लगान' ने भारतीय सिनेमा में 25 साल का शानदार सफर पूरा कर लिया है। इस खास मौके पर लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म की सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन आयोजित की गई। खास बात ये रही कि इस इवेंट में लगान में एलिजाबेथ का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस रेचल शेली भी मौजूद हुईं जिनकी आमिर खान से मुलाकात हुई।
आमिर खान और रेचल शेली की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो गई हैं। दोनों की मुलाकात की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की पुरानी यादें ताजा हो गईं।
रेचल शेली ने शेयर कीं खास तस्वीरें
रेचल शेली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस आयोजन की कई तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह और आमिर खान रेड कार्पेट पर कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज देते दिखाई दिए। एक फोटो में दोनों एक-दूसरे के साथ साइड हग करते नजर आए।
इस दौरान आमिर खान नीले रंग की टी-शर्ट और जींस में बेहद सिंपल लुक में दिखे, जबकि रेचल सफेद रंग की ड्रेस में बेहद एलिगेंट नजर आईं।
फैंस की यादें हुईं ताजा
दोनों सितारों को एक साथ देखकर सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्यार बरसाया। कई लोगों ने लिखा कि 'लगान' उनकी बचपन की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है और इस रीयूनियन ने पुरानी यादें ताजा कर दीं।
कुछ फैंस ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि फिल्म की एलिजाबेथ आखिरकार भुवन से मिलने वापस आ ही गईं।
भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्मों में शामिल है 'लगान'
साल 2001 में रिलीज हुई 'लगान' का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था, जबकि फिल्म के प्रोड्यूसर आमिर खान थे।कहानी ब्रिटिश शासन के दौर की है, जिसमें गांव के लोग अंग्रेज अधिकारियों को क्रिकेट मैच की चुनौती देकर लगान से राहत पाने की कोशिश करते हैं।
फिल्म में आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह, रेचल शेली और कई अन्य कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। दमदार कहानी, ए.आर. रहमान के यादगार संगीत और शानदार अभिनय की बदौलत 'लगान' आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में गिनी जाती है।