
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय Image Credit source: hpuniv.ac.in
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) शिमला में शनिवार सुबह छात्र संगठनों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई. विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास ABVP और SFI कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. विश्वविद्यालय परिसर में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी भी की.
सुबह गेट पर शुरू हुई बहस
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे विश्वविद्यालय गेट पर ABVP और SFI के कार्यकर्ता मौजूद थे. यहां छात्रों के स्वागत को लेकर दोनों संगठनों के कार्यकर्ता जुटे थे. इसी दौरान किसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई शुरू हो गई.
नारेबाजी के बाद बढ़ा तनाव
मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. मौके पर गाली-गलौज की स्थिति भी बनी. विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को अलग करने और मामला शांत कराने की कोशिश की.
बैनर और नारे लगाने को लेकर विवाद की बात
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत नारे लगाने या बैनर लगाने को लेकर हुई थी. हालांकि, विवाद की सही वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
परिसर में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतें सुन रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. विश्वविद्यालय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More