Noida Skywalk Opening: नोएडा के सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने वाले पहले एसी स्काईवॉक के लिए यात्रियों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा. नोएडा अथॉरिटी ने पहले इसे 16 अगस्त से आम लोगों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा था, लेकिन तकनीकी जांच और कुछ अधूरे कामों के चलते अब इसकी शुरुआत टाल दी गई है. अथॉरिटी का लक्ष्य है कि स्काईवॉक को 25 अगस्त तक जनता के लिए खोल दिया जाए.
अधिकारियों के मुताबिक, स्काईवॉक की तकनीकी जांच के लिए 16 अगस्त से ट्रायल रन शुरू किया जाएगा. इस दौरान यह देखा जाएगा कि स्काईवॉक यात्रियों के आवागमन के लिए पूरी तरह सुरक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम है या नहीं. ट्रायल रन की मीडिया कवरेज भी की जा सकेगी.
एंट्री-एग्जिट पॉइंट तैयार
स्काईवॉक के दोनों तरफ एंट्री और एग्जिट पॉइंट का काम लगभग पूरा हो चुका है. हालांकि, कुछ स्थानों पर अंतिम चरण का काम अभी बाकी है. अधिकारियों का कहना है कि इन कार्यों को पूरा करने में करीब एक सप्ताह का समय और लग सकता है. इसके बाद तकनीकी जांच और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करके इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा.
यह स्काईवॉक सेक्टर-52 की ब्लू लाइन और सेक्टर-51 की एक्वा लाइन मेट्रो को आपस में जोड़ेगा. इसके शुरू होने के बाद दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सड़क पार करने और खुले रास्ते से लंबा चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. खासतौर पर गर्मी और बारिश के दौरान एसी स्काईवॉक यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होने की उम्मीद है.
पिलर के कारण अटका था काम
स्काईवॉक के निर्माण के दौरान एक पिलर सामने आने के कारण काम कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था. इस पिलर को काटने या उसे सुरक्षित रखते हुए निर्माण करने को लेकर काफी चर्चा हुई. बाद में पिलर को हटाने के बजाय उसके दोनों तरफ से रास्ता निकालने का विकल्प अपनाया गया. अब दोनों तरफ करीब छह मीटर का रास्ता तैयार किया जा चुका है.
नोएडा अथॉरिटी का मानना है कि स्काईवॉक शुरू होने के बाद यहां यात्रियों की आवाजाही तेजी से बढ़ेगी. ऐसे में अथॉरिटी अंतिम चरण के काम और तकनीकी जांच में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहती. अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता स्काईवॉक को पूरी तरह सुरक्षित और तैयार करने की है. फिलहाल 16 अगस्त से ट्रायल रन और 25 अगस्त तक सार्वजनिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

अंशुमन यादव
अंशुमन यादव के पास पत्रकारिता की दुनिया में दो दशक का अनुभव है. ज़मीनी रिपोर्टिंग से लेकर ब्रेकिंग न्यूज़ तक कवर करने में सक्षम. बरेली रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से वर्ष 2005 में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2009 में सहारा समय न्यूज़ चैनल से पत्रकारिता की शुरुआत की. लगभग छह वर्षों तक सहारा समय में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद, वर्ष 2016 में इंडिया वॉयस न्यूज़ चैनल और फिर 2017 में देशबंधु ख़बर में अपनी सेवाएं दीं. साल 2019 से देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल TV9 भारतवर्ष में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर कार्यरत.
Read More