
ACC से होगी मोहसिन नकवी की छुट्टी? (फोटो- GETTY)
Mohsin Naqvi ACC Tenure: एशिया कप में एक बार फिर ट्रॉफी विवाद देखने को मिला. पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. इस बार महिला एशिया कप में भारतीय महिला टीम ने भी कुछ ऐसा ही किया. ऐसे में मोहसिन नकवी की कुर्सी अब खतरे में नजर आ रही है. विजेता भारतीय टीमों को किसी और अधिकारी के हाथों एशिया कप की ट्रॉफी न सौंपने देने की उनकी दो साल की जिद अब उन्हें ही भारी पड़ सकती है.
ACC से होगी मोहसिन नकवी की छुट्टी?
एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष के तौर पर मोहसिन नकवी का कार्यकाल अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. नकवी का दो साल का कॉन्ट्रैक्ट अप्रैल 2027 में खत्म हो रहा है, और मौजूदा समीकरणों को देखते हुए उन्हें अगले कार्यकाल के लिए दोबारा चुने जाने की संभावना न के बराबर है. भले ही एसीसी के नियमों में अध्यक्ष के कार्यकाल को आगे बढ़ाने का प्रावधान मौजूद है, लेकिन नकवी को सदस्य देशों से जरूरी समर्थन मिलने की उम्मीद नहीं है.
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के खिलाफ दिए गए आपत्तिजनक और भड़काऊ बयानों के कारण मोहसिन नकवी को लेकर भारतीय क्रिकेट जगत और फैंस में भारी नाराजगी है. ऐसे में दोनों देशों के बीच कड़वे रिश्तों को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड नकवी के नाम का समर्थन कभी नहीं करेगा.
कैसे काम करती है एसीसी की अध्यक्षता?
एशियन क्रिकेट काउंसिल में अध्यक्ष पद का चुनाव रोटेशन पॉलिसी के तहत होता है. एसीसी की अध्यक्षता 5 फुल मेंबर देशों के बीच दो साल के कार्यकाल के आधार पर रोटेट होती है. ये 5 देश भारत, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका हैं. सालाना आम बैठक में यह फैसला होता है, जिससे कोई भी देश अपने आप लगातार दो बार इस पद पर काबिज नहीं रह सकता.
किसी मौजूदा अध्यक्ष का कार्यकाल दो साल से आगे तभी बढ़ाया जा सकता है, जब कोई दूसरा सदस्य बोर्ड एजीएम में औपचारिक प्रस्ताव रखे और सभी सदस्य देश उसका समर्थन करें. जिसके बाद 1 साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया जा सकता है. बता दें, भारत के जय शाह 30 जनवरी 2021 से 6 दिसंबर 2024 तक लगभग चार साल एसीसी हेड रहे, जिसमें उनका दो साल का कार्यकाल और दो बार एक-एक साल का एक्सटेंशन शामिल था. इसके बाद श्रीलंका के शम्मी सिल्वा ने अंतरिम अध्यक्ष की भूमिका निभाई, फिर अप्रैल 2025 में नकवी को दो साल के कार्यकाल के लिए चुना गया था.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More