विज्ञापन

सार

Hariyali Teej 2026: वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा हरियाली तीज उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। महिलाओं ने सावन के लोकगीत, नृत्य, झूले और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

Agra Celebrates Hariyali Teej with Folk Songs, Swings and Green Initiative

हरियाली तीज उत्सव (सोर्स- फोटो नवभारत)

विस्तार

Hariyali Teej Celebration Agra: सावन की फुहार, झूलों की मस्ती और लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में हरियाली तीज उत्सव पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर तीज का पर्व मनाया और सावन के लोकगीतों, नृत्य तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्सव को यादगार बना दिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को सुहाग चिन्हों के साथ पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ममता गोयल, नीलम गोयल, ममता अग्रवाल, डॉली गोयल एवं पार्षद प्रियंका अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। अध्यक्ष निशा सिंघल ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह और पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं को प्रेम, स्नेह और आपसी आत्मीयता के मजबूत बंधन में जोड़ने वाला सांस्कृतिक उत्सव है।

महिलाओं ने दी लोकप्रिय सावन गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां

तीजोत्सव में महिलाओं ने “अरी बहना अखियां हैं प्यासी…”, “गौरा झूला झूल रही…”, “सावन में मोरनी बनकर…” और “झूला तो पड़ गयो…” जैसे लोकप्रिय सावन गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। झूला झूलते हुए और मल्हार गाते हुए महिलाओं ने मायके में मनाई जाने वाली तीज की पुरानी यादों को फिर से जीवंत कर दिया।

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ें- भव्य कलश यात्रा के साथ होगा श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, 6 से 12 अगस्त तक आगरा में बहेगी भक्ति की रसधारा

पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक सामाजिक संदेश का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सभी उपस्थित महिलाओं को उपहार स्वरूप पौधे वितरित किए गए, ताकि हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचे।

कार्यक्रम का संचालन राजेश अग्रवाल ने किया, जबकि संयोजन जहान्वी सिंघल ने संभाला। इस अवसर पर नीलम, जूही, गीता, मंजू, आरती, रेखा, बबीता, सुनीता, सरिता, पूनम, रिंकी, ग्रीष्मा, सुषमा, डॉली, प्रीति, जूली, रानी, रूपल, नेहा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्सव में भाग लेकर सावन की खुशियों को साझा किया।

Follow Navbharatlive whatsapp