AI एजेंट्स की हरकतों पर नजर रखेगा नंबैट, परप्लेक्सिटी सीईओ ने किया लॉन्च

परप्लेक्सिटी सीईओ अरविंद श्रीनिवास

Open-source tool Numbat: एआई एजेंट्स की बढ़ती ताकत के साथ अब उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है. इसी खतरे को देखते हुए परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने नंबैट (Numbat) नाम का एक ओपन-सोर्स टूल पेश किया है. यह टूल एआई एजेंट्स की गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध व्यवहार को पकड़ने और सुरक्षा खतरों की जांच में मदद करेगा. कंपनी का कहना है कि जैसे-जैसे एआई एजेंट्स ज्यादा सक्षम होंगे, उनकी गतिविधियों को ट्रैक करना उतना ही जरूरी होता जाएगा.

रोग एआई एजेंट्स से बढ़ रहा सुरक्षा का खतरा

परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने एआई एजेंट्स से जुड़े बढ़ते सुरक्षा खतरों पर चिंता जताई है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि हाल में रोग एजेंट्स के सैंडबॉक्स से बाहर निकलने और थर्ड पार्टी साइट्स पर हमला करने जैसी घटनाओं के बाद एजेंट्स के नुकसान पहुंचाने वाले इरादों को पहचानना और उनकी गतिविधियों की फॉरेंसिक जांच करना बेहद जरूरी हो जाएगा. इसी चुनौती से निपटने के लिए परप्लेक्सिटी ने नंबैट नाम का अपना ओपन-सोर्स टूल पेश किया है, जो डिफेंडर्स की मदद कर सकता है.

Detecting malicious intent of agents and performing forensics is going to be crucial considering whats recently happened with rogue agents escaping sandboxes and attacking third-party sites. Numbat is Perplexitys open-source tool that can help defenders. https://t.co/BWMQBEIsjq

— Aravind Srinivas (@AravSrinivas) September 5, 2026

एआई एजेंट्स की हर गतिविधि पर रखेगा नजर

नंबैट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर्स अपने सिस्टम में चल रहे एआई एजेंट्स की गतिविधियों को बेहतर तरीके से देख सकें. यह सपोर्टेड डेस्कटॉप, कमांड-लाइन, आईडीई और गेटवे आधारित एजेंट्स के साथ काम कर सकता है. टूल लोकल हुक्स और प्लगइन्स के जरिए गतिविधियों की जानकारी जुटाता है. इसके अलावा ओटीएलपी/एचटीटीपी लॉग्स और लोकल सेशन फाइल्स से भी जानकारी रिकॉर्ड की जाती है, जिससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि किसी एआई एजेंट ने क्या-क्या किया.

सीक्रेट्स चोरी से लेकर डेटा एक्सफिल्ट्रेशन तक की पहचान

कंपनी के ब्लॉग के मुताबिक, एआई एजेंट्स और एमसीपी सर्वर्स के तेजी से फैलने के कारण बिजनेस के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो रही है. कई बार इन सिस्टम्स के पास काफी ज्यादा एक्सेस होता है, लेकिन उनकी गतिविधियों को ट्रैक करना मुश्किल होता है. ब्लॉग में इसे एआई एजेंट और एमसीपी सर्वर स्प्रॉल का एक अनमैनेज्ड क्राइसिस बताया गया है. नंबैट में सीक्रेट्स, डेटा एक्सफिल्ट्रेशन, एक्जीक्यूशन, रिकॉनिसेंस, प्रिविलेज एस्केलेशन, लेटरल मूवमेंट, परसिस्टेंस और टैंपरिंग जैसी गतिविधियों को पहचानने के लिए डिटेक्शन रूल्स दिए गए हैं.

एजेंट की टाइमलाइन से समझ सकेंगे क्या हुआ

नंबैट यूजर्स को किसी एआई एजेंट की गतिविधियों की टाइमलाइन बनाने की सुविधा भी देता है. इससे जांच करने वालों को किसी खास एआई सेशन के दौरान हुई घटनाओं को समझने में मदद मिल सकती है. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई एआई एजेंट नेटवर्क स्कैनिंग करता है तो नंबैट इस गतिविधि को फ्लैग कर सकता है. ऐसी गतिविधि को सिक्योरिटी फाइंडिंग के रूप में रिकॉर्ड किया जा सकता है, जिससे डिफेंडर्स को आगे जांच के लिए जरूरी सबूत मिल सकें.

मैकओएस, लिनक्स और विंडोज पर करेगा काम

नंबैट को गो का इस्तेमाल करके बनाया गया है और यह मैकओएस, लिनक्स और विंडोज पर काम करता है. यूजर्स इसे स्टैंडअलोन बाइनरी के रूप में डाउनलोड कर सकते हैं या गो के जरिए इंस्टॉल कर सकते हैं. परप्लेक्सिटी के मुताबिक, इस टूल को बड़े एंटरप्राइज एनवायरनमेंट में भी डिप्लॉय किया जा सकता है. इसमें मैनेज्ड कॉन्फिगरेशन और एमडीएम सिस्टम्स के जरिए डिप्लॉयमेंट का विकल्प भी दिया गया है. कंपनी इसे ऐसे टूल के रूप में पेश कर रही है, जो एआई एजेंट्स के ज्यादा सक्षम और एंटरप्राइज सिस्टम्स से जुड़ने के साथ संगठनों को बेहतर विजिबिलिटी दे सके.

ये भी पढ़ें: एपल के 9 सितंबर इवेंट में क्या-क्या होगा लॉन्च? फोल्डेबल आईफोन से आईफोन 18 प्रो तक बड़ी तैयारी

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button