परीक्षा की तैयारी के दौरान सही टाइमटेबल बनाना, मुश्किल टॉपिक्स को समझना और अपनी कमजोरियों को पहचानना स्टूडेंट्स के लिए चुनौती बन जाता है. ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड टूल्स पढ़ाई को आसान बनाने में मदद कर सकते हैं. ChatGPT और Google Gemini जैसे टूल्स की मदद से स्टूडेंट स्टडी प्लान तैयार करने, शॉर्ट नोट्स बनाने और प्रैक्टिस टेस्ट देने जैसे काम कर सकते हैं. हालांकि, AI का इस्तेमाल करते समय कुछ सावधानियां बरतना भी जरूरी है. आइए जानते हैं कि परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए AI का इस्तेमाल किन पांच तरीकों से किया जा सकता है.
AI से बनाएं पढ़ाई का टाइमटेबल
एग्जाम के लिए समय का सही इस्तेमाल करना जरूरी है. AI की मदद से छात्र अपनी जरूरत के अनुसार स्टडी प्लान बना सकते हैं. इसके लिए उन्हें रोज पढ़ाई के लिए उपलब्ध समय, विषयों और कमजोर टॉपिक्स की जानकारी देनी होगी. AI इसके आधार पर टाइमटेबल तैयार कर सकता है. हालांकि, छात्रों को अपनी क्षमता और जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव करना चाहिए. कमजोर विषयों को ज्यादा समय देना फायदेमंद रहेगा.
मुश्किल विषयों को आसानी से समझें
कई बार किताबों की भाषा समझने में परेशानी होती है. ऐसे में छात्र AI से किसी मुश्किल टॉपिक को आसान शब्दों और उदाहरणों के जरिए समझाने के लिए कह सकते हैं. इससे साइंस, मैथ्स और हिस्ट्री जैसे विषयों को समझना आसान हो सकता है. हालांकि, AI से मिली जानकारी का मिलान अपनी टेक्सटबुक और टीचर्स के बताए तथ्यों से जरूर करें.
प्रैक्टिस टेस्ट से परखें तैयारी
AI की मदद से छात्र किसी चैप्टर के मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन (MCQ), छोटे सवाल और प्रैक्टिस पेपर तैयार कर सकते हैं. इन्हें हल करके अपनी तैयारी का आकलन किया जा सकता है. इससे कमजोर टॉपिक्स की पहचान करने में मदद मिलेगी. ध्यान रखें कि AI से तैयार सवाल वास्तविक परीक्षा में आने की गारंटी नहीं है.
रिवीजन के लिए बनाएं शॉर्ट नोट्स
बड़े चैप्टर का रिवीजन करने के लिए AI की मदद से जरूरी पॉइंट्स , परिभाषाएं, फॉर्मूले और तारीखें संक्षेप में तैयार की जा सकती हैं. इससे परीक्षा से पहले दोहराने में समय बचेगा. हालांकि, केवल AI के बनाए नोट्स पर निर्भर रहने के बजाय पहले पूरा चैप्टर पढ़ना जरूरी है.
गलतियों को समझकर सुधारें
प्रैक्टिस टेस्ट में गलत जवाब देने पर छात्र AI से उसकी वजह पूछ सकते हैं. इससे उन्हें अपनी गलती समझने और संबंधित टॉपिक को दोबारा पढ़ने में मदद मिलेगी. इसके बाद उसी विषय से जुड़े नए सवाल हल करके अपनी तैयारी मजबूत कर सकते हैं.
AI का इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी
AI हमेशा सही जानकारी दे, यह जरूरी नहीं है. इसलिए महत्वपूर्ण तथ्यों को भरोसेमंद स्रोतों से चेक करना चाहिए. अपनी निजी जानकारी और पासवर्ड भी AI टूल्स पर शेयर नहीं करनी चाहिए. छात्रों को AI के जवाब रटने के बजाय विषय को समझकर अपनी भाषा में लिखने की आदत डालनी चाहिए. रेगुलर पढ़ाई, लिखकर प्रैक्टिस और पर्याप्त नींद भी अच्छे प्रदर्शन के लिए जरूरी हैं. AI को पढ़ाई में सहायक बनाएं, लेकिन अपनी सोचने और समझने की क्षमता को विकसित करना न भूलें.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More