
कोहली और रहाणे ने मिलकर कई यादगार साझेदारियां कीImage Credit source: Getty Images
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की सफलता की वजह रही दिग्गज बैटिंग लाइन-अप का अध्याय आखिर पूरी तरह खत्म हो गया. मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद अजिंक्य रहाणे ने भी आखिरकार अपने सफर पर ब्रेक लगा दिया. टीम इंडिया के पूर्व उप-कप्तान और मिडिल ऑर्डर की बैटिंग की जान रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया. रहाणे के इस ऐलान के बाद सिर्फ आम फैंस ही नहीं बल्कि टीममेट भी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं. मगर इसमें सबसे खास मैसेज आया विराट कोहली का, जिन्होंने रहाणे को अपना बेस्ट टेस्ट पार्टनर बताया.
ठीक 3 साल तक भारतीय टीम से बाहर रहने के बाद अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार 30 जुलाई को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया. इसके साथ ही पिछले देशक में भारतीय टेस्ट की जबरदस्त बैटिंग लाइन-अप का सफर भी खत्म हो गया. पुजारा और कोहली के साथ रहाणे ने इस भारतीय बैटिंग लाइन-अप की रीढ़ तैयार की. खास तौर पर कोहली के साथ उनकी सबसे अच्छी जमी क्योंकि न सिर्फ दोनों एक-साथ बैटिंग के लिए आते थे, बल्कि टीम के कप्तान और उप-कप्तान भी थे.
रहाणे के लिए कोहली का खास मैसेज
रहाणे और कोहली की साझेदारी ने भारतीय टीम को इस दौरान कई यादगार पल दिए. ऐसे में रहाणे के संन्यास पर कोहली के मैसेज का इंतजार हर क्रिकेट फैन को था. पूर्व भारतीय कप्तान ने भी अपने पुराने उप-कप्तान के संन्यास पर उन्हें बधाई दी और अपना बेस्ट टेस्ट पार्टनर बताया. कोहली ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “जिंक्स, एक शानदार करियर के लिए बधाई, दोस्त. तुमने भारतीय क्रिकेट के लिए लाजवाब काम किया, और तुम्हें इस सफर पर गर्व होना चाहिए. स्लिप में सबसे भरोसेमंद फील्डर और टेस्ट में मेरे फेवरेट बैटिंग पार्टनर. तुम्हें हमेशा ढेर सारी शुभकामनाएं. ईश्वर तुम पर कृपा बनाए रखे.”
Jinks, congratulations on a great career, buddy. Youve done wonders for Indian cricket, and you can be very proud of your journey. The safest pair of hands in the slips and my favourite Test batting partner. Wishing you well always. God bless. 🤝🇮🇳@ajinkyarahane88 pic.twitter.com/bHGaas41gO
— Virat Kohli (@imVkohli) July 30, 2026
इसलिए कोहली कहते हैं रहाणे को फेवरेट
अब अगर आप भी सोच रहे हैं कि कोहली ने आखिर रहाणे को ही अपना फेवरेट बैटिंग पार्टनर क्यों बताया, तो इसकी वजह आंकड़ों में छुपी है. ये कोई पहली बार नहीं है जब कोहली ने सार्वजनिक तौर पर ऐसा कहा है. वो पहले भी रहाणे को लेकर ऐसा बोलते रहे हैं. आखिर दोनों ने मिलकर टीम इंडिया के लिए कई शानदार साझेदारियां की हैं.
आंकड़े बताते हैं कि कोहली और रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में 67 पारियों में पार्टनरशिप की और इसमें दोनों ने मिलकर 3661 रन एक-दूसरे के साथ साझेदारी में जोड़े. इसमें 10 बार शतकीय और 17 बार अर्धशतकीय साझेदारियां रहीं. दोनों के बीच 365 रन की बेस्ट पार्टनरशिप रही. टेस्ट में कोहली की किसी भी भारतीय बल्लेबाज के साथ ये बेस्ट पार्टनरशिप है. इसके बाद उन्होंने पुजारा के साथ 3513 रन जोड़े.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More