Published: Monday, July 27, 2026, 15:28 [IST]
बिहार में 25 जुलाई को छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीच हाथ में AK-47 राइफल लहराते और गोलियां बरसाते एक पुलिस जवान का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। भारी फजीहत और राजनीतिक बवंडर के बाद बिहार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस सिपाही को सस्पेंड कर दिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक बहस में बदल गया। विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए, जबकि पुलिस मुख्यालय ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए जवान को सस्पेंड कर दिया। अब सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि आखिर AK-47 चलाने वाला पुलिसकर्मी कौन है और उस दिन सीवान में ऐसा क्या हुआ था कि हालात यहां तक पहुंच गए।
AK-47 चलाने वाला कौन हैं अभिषेक पटेल?
सीवान में वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले पुलिसकर्मी की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में हुई है। वह बिहार पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) में तैनात हैं। वीडियो सामने आने के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने रिपोर्ट मांगी।
जांच के शुरुआती आधार पर कार्रवाई करते हुए अभिषेक पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अब उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि जांच में यह देखा जाएगा कि हथियार का इस्तेमाल तय नियमों के तहत हुआ था या नहीं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
सीवान के जेपी चौक पर क्यों भड़की हिंसा?
शनिवार 25 जुलाई को राज्यव्यापी बंद के तहत सैकड़ों छात्र नारेबाज़ी करते हुए सीवान के गांधी मैदान, जेपी चौक और अस्पताल मोड़ की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया।
पुलिस का दावा है कि करीब 500 से ज्यादा लोगों की हिंसक भीड़ ईंट-पत्थर और गोलियां चलाते हुए थाने पर हमले की नीयत से आगे बढ़ रही थी। इस पूरे बवाल में 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी हो गए, जबकि 3 नागरिकों को भी गोलियां लगीं। पुलिस ने मौके से देशी कट्टों और पिस्टल के 5 खोखे जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आत्मरक्षा और सरकारी संपत्ति बचाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
हिंसक झड़प में घायल हुए तीन लोगों को पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सबकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। घायलों में 15 साल का मो. आरिफ भी शामिल है, जो एक दुकान में काम करता है। आरिफ के परिजनों ने बताया कि वह बंद के दौरान दुकान बंद करके घर लौट रहा था, तभी अचानक एक गोली आकर उसकी गर्दन में लग गई। डॉक्टरों ने सर्जरी करके गोली बाहर निकाल दी है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने उठाए थे सवाल
वीडियो सामने आते ही विपक्ष ने सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरना शुरू कर दिया। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने एक्स पोस्ट में सवाल उठाए थे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पोस्ट में कहा, "छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम ही जानलेवा बन चुका है। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाई गई और बिहार में AK-47 से गोलियां दागी जा रही हैं। सैकड़ों निर्दोष छात्रों पर झूठी एफआईआर करके उन्हें पकड़ा जा रहा है।"
तेजस्वी यादव ने कहा, "सीवान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बेकसूर छात्रों पर पुलिस ने सीधी गोलियां चलाई हैं। जब संगीन आरोपों से घिरा शख्स सत्ता में बैठा हो, तब लोकतंत्र में हक मांगने वाले युवाओं के साथ ऐसा ही बर्ताव होता है। दोषी पुलिसवालों पर तुरंत कड़ा एक्शन हो।"
वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी ने देश के लोकतंत्र को शूटिंग रेंज बनाकर रख दिया है।
BJP का पलटवार: संबित पात्रा बोले- 'राहुल गांधी फैला रहे हैं झूठ'
विपक्ष के हमलावर होते ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद संबित पात्रा मैदान में उतरे। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए झूठा करार दिया।
संबित पात्रा ने मीडिया से कहा कि इतने बड़े संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की भ्रामक खबरें नहीं फैलानी चाहिए। पुलिस ने कभी भी आंदोलन कर रहे छात्रों पर राइफल से फायरिंग नहीं की है। राहुल गांधी देश में डर और अव्यवस्था का माहौल बनाना चाहते हैं और उन्हें इस झूठे दावे के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
अभिषेक पटेल के खिलाफ जांच में जुटा पुलिस विभाग
सस्पेंशन के बाद अब बिहार पुलिस मुख्यालय अभिषेक पटेल के खिलाफ जांच में जुट गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है, लेकिन स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा।
जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या उस नाजुक मौके पर ऑटोमैटिक हथियार से हवाई फायरिंग करना नियम के मुताबिक था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी जवान पर आगे की कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल सीवान पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर छापेमारी कर रही है।