Aloo Tikki Recipe: स्ट्रीट फूड जैसे स्वाद वाली क्रिस्पी आलू टिक्की बनाएं, हर बाइट में मिलेगा जबरदस्त टेस्ट
Aloo Tikki Recipe: स्ट्रीट फूड जैसे स्वाद वाली आलू की टिक्की आप घर पर आसानी से बना सकते हैं। जानते हैं इसकी रेसिपी।
क्रिस्पी आलू की टिक्की बनाने का तरीका।
- Published: 27 Jul 2026, 05:59 PM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 05:59 PM IST
Aloo Tikki Recipe: शाम की चाय के साथ अगर कुछ ऐसा खाने का मन हो जो बाहर मिलने वाले स्ट्रीट फूड का स्वाद याद दिला दे, तो क्रिस्पी आलू टिक्की सबसे बेहतरीन विकल्प है। बाहर की चाट दुकानों पर मिलने वाली सुनहरी, कुरकुरी और मसालेदार आलू टिक्की हर किसी की पसंद होती है। अच्छी बात यह है कि वही स्वाद अब आप घर पर भी बेहद आसान तरीके से पा सकते हैं। सही मसालों और सही तकनीक के साथ तैयार की गई टिक्की बाहर से करारी और अंदर से मुलायम बनती है।
घर पर बनी आलू टिक्की न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि इसमें इस्तेमाल होने वाले तेल और मसालों पर आपका पूरा नियंत्रण रहता है। इसे हरी चटनी, इमली की चटनी, दही या छोले के साथ परोसकर चाट का मजा भी लिया जा सकता है। आइए जानते हैं स्ट्रीट फूड जैसी क्रिस्पी आलू टिक्की बनाने की आसान रेसिपी।
क्रिस्पी आलू की टिक्की बनाने के लिए सामग्री
- 5-6 उबले हुए आलू
- 3 बड़े चम्मच कॉर्न फ्लोर
- 2 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स
- 2 हरी मिर्च बारीक कटी
- 1 छोटा चम्मच अदरक कद्दूकस
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- शैलो फ्राई करने के लिए तेल
क्रिस्पी आलू की टिक्की बनाने का तरीका
आलू तैयार करें
उबले हुए आलू पूरी तरह ठंडे होने दें। इसके बाद उन्हें अच्छी तरह मैश करें ताकि कोई बड़े टुकड़े न बचें। ठंडे आलू से टिक्की ज्यादा क्रिस्पी बनती है।
मसाले मिलाएं
मैश किए हुए आलू में नमक, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें कॉर्न फ्लोर और ब्रेड क्रम्ब्स डालें। इससे टिक्की का मिश्रण अच्छी तरह बंध जाएगा।
टिक्की का आकार दें
अब मिश्रण से बराबर आकार की गोल और हल्की चपटी टिक्कियां तैयार करें। चाहें तो इन्हें 10-15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। इससे टिक्की फ्राई करते समय टूटेगी नहीं।
धीमी आंच पर सेंकें
एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल डालें। टिक्कियों को मध्यम से धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। जल्दी पलटने की बजाय एक तरफ अच्छी तरह सिकने दें।
चाट स्टाइल में परोसें
गरमा-गरम टिक्की को हरी चटनी, इमली की चटनी, फेंटी हुई दही, बारीक प्याज, सेव और अनार के दानों के साथ सजाकर परोसें। चाहें तो छोले के साथ सर्व करके स्ट्रीट फूड जैसा स्वाद पा सकते हैं।
परफेक्ट क्रिस्पी टिक्की बनाने के टिप्स
- आलू अधिक उबले हुए या पानी वाले नहीं होने चाहिए।
- कॉर्न फ्लोर और ब्रेड क्रम्ब्स जरूर मिलाएं।
- टिक्की को धीमी आंच पर ही सेंकें।
- फ्राई करने से पहले टिक्की को कुछ मिनट फ्रिज में रखें।
- तवे पर जरूरत से ज्यादा टिक्कियां एक साथ न रखें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)