Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन की संभावित कीमत और स्पेसिफिकेशन्स को लेकर जानकारी सामने आई है। आइए जानते हैं इस फोन की कीमत कितनी हो सकती है।

Apple के पहले फोल्डेबल iPhone की संभावित कीमत आई सामने। प्रतीकात्मक तस्वीर।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Apple के पहले फोल्डेबल iPhone की कीमत $2,000 (लगभग 1,89,000 रुपये) से ज्यादा होने का दावा किया जा रहा है। हाल ही में सामने आए लीक्स में भी इस डिवाइस के काफी महंगे होने के संकेत मिले थे। अब एक नई रिपोर्ट में इसकी सटीक अनुमानित कीमत के साथ-साथ Apple के पहले फोल्डेबल हैंडसेट के कई संभावित फीचर्स की जानकारी सामने आई है। ये रिपोर्ट Apple के 9 सितंबर को होने वाले इवेंट से ठीक पहले आई है, जहां इस डिवाइस को iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। वहीं, स्टैंडर्ड iPhone 18 मॉडल्स बाद में बाजार में आ सकते हैं।
फोल्डेबल iPhone की संभावित कीमत और स्पेसिफिकेशन्स
मार्केट रिसर्च फर्म TrendForce का अनुमान है कि Apple के फोल्डेबल iPhone 18 Fold की कीमत $2,099 (लगभग 1,98,300 रुपये) से शुरू होगी और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन के आधार पर ये $2,299 (लगभग 2,17,200 रुपये) तक जा सकती है। इसके सबसे हाई-एंड वेरिएंट की कीमत $3,000 (लगभग 2,83,500 रुपये) से भी ज्यादा हो सकती है। ये कीमत अमेरिका में $1,199 (करीब 1,13,300 रुपये) से शुरू होने वाले iPhone 17 Pro Max से कहीं ज्यादा होगी।
iPhone 18 Fold को लेकर चर्चा है कि इसे iPhone Ultra के नाम से लॉन्च किया जा सकता है। इसमें बाहर की तरफ 5.5-इंच का OLED डिस्प्ले और अंदर 7.8-इंच का बड़ा OLED पैनल मिलने की उम्मीद है। इसके इनर डिस्प्ले में 120Hz तक रिफ्रेश रेट वाला ProMotion सपोर्ट दिया जा सकता है।
iPhone 18 Fold में नया A20 Pro चिपसेट मिल सकता है, जिसे TSMC की लेटेस्ट 2nm प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर तैयार किए जाने की खबर है। ये प्रोसेसर ऑन-डिवाइस AI टास्क्स के लिए बेहतर परफॉर्मेंस और बेहतर पावर एफिशिएंसी ऑफर करेगा।

लीक्स के मुताबिक, iPhone 18 Fold में 12GB रैम और चार स्टोरेज ऑप्शन्स मिल सकते हैं, जिनमें 256GB, 512GB, 1TB और 2TB शामिल हैं।
कैमरा सेटअप की बात करें तो iPhone 18 Fold में 24-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा और बैक पैनल पर दो रियर कैमरे दिए जा सकते हैं। इस रियर सेटअप में 48-मेगापिक्सल का मेन वाइड कैमरा और 48-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल होने की उम्मीद है।
सिक्योरिटी के लिए इस फोल्डेबल फोन में Face ID की जगह पारंपरिक कैपेसिटिव फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ Touch ID का इस्तेमाल किया जा सकता है।
iPhone 18 Fold में रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए स्लिम डिजाइन बनाए रखने और स्क्रीन क्रीज को कम से कम करने पर जोर दिया गया है। Apple ने इस बैलेंस को हासिल करने के लिए हार्डवेयर में कुछ कॉम्प्रोमाइज किए हैं, जिसमें बड़े कैमरा मॉड्यूल के बजाय सिर्फ दो रियर कैमरों का इस्तेमाल शामिल है।
देरी से शिपमेंट शुरू होने और सीमित प्रोडक्शन व इन्वेंट्री की वजह से शुरुआत में iPhone Ultra का फोल्डेबल स्मार्टफोन मार्केट पर सीमित असर पड़ने की संभावना है। अनुमान है कि साल 2026 में ग्लोबल स्मार्टफोन मार्केट में फोल्डेबल फोंस की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत ही रहेगी।
Apple इस ऑटम सीजन में iPhone Ultra के साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को पेश कर सकता है, जबकि रेगुलर iPhone 18 मॉडल्स 2027 की शुरुआत में आ सकते हैं। इस साल आने वाले तीनों मॉडल्स में A20 Pro चिप, नया कूलिंग सिस्टम, बेहतर डिस्प्ले, अपग्रेडेड कैमरा और बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा Pro मॉडल्स में मैकेनिकल वेरिएबल अपर्चर का फीचर भी मिल सकता है।
मेमोरी (RAM/स्टोरेज) की बढ़ती लागत के चलते iPhone 18 लाइनअप की कीमतें पहले से ज्यादा बढ़ सकती हैं। दामों में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का अनुमान है। 2026 की तीसरी तिमाही में 256GB Pro मॉडल के लिए मेमोरी की लागत पिछले साल की तुलना में करीब 400 प्रतिशत ज्यादा रहने का अनुमान लगाया गया है। दूसरे कंपोनेंट्स में किए गए कॉस्ट रिडक्शन इस बढ़ोतरी को पूरी तरह संभालने के लिए नाकाफी हो सकते हैं।
रिसर्च फर्म का ये भी मानना है कि हार्डवेयर लागत बढ़ने के बीच Apple के प्रॉफिटेबिलिटी को बनाए रखने में Apple Intelligence क्लाउड सर्विसेज और सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन्स की भूमिका अब काफी ज्यादा बढ़ जाएगी।