Sat, 15 Aug 2026 11:56 AM IST

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डार्विन Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 15 Aug 2026 11:56 AM IST

सार

एश्ले गार्डनर के निजी रिश्ते को लेकर उठे विवाद के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी ‘Respect at Work’ नीति में बदलाव किया है। बोर्ड ने गार्डनर को महिला टीम की उपकप्तान बनाए रखने का फैसला किया है, लेकिन जॉर्जिया वोल के चयन से जुड़े मामलों में उनके लिए स्पष्ट सीमाएं तय की गई हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर का समर्थन किया है। गार्डनर को ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनाए रखने के फैसले पर बोर्ड स्तर पर चर्चा हुई थी। हालांकि, बोर्ड ने 29 वर्षीय खिलाड़ी पर अपना भरोसा कायम रखते हुए उन्हें नेतृत्व समूह में बनाए रखने का फैसला किया।

गार्डनर की अलग रह रही पत्नी मोनिका राइट ने ऑलराउंडर पर टीम की साथी खिलाड़ी जॉर्जिया वॉल के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था। राइट ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की भी आलोचना की थी और सवाल उठाया था कि बोर्ड ने गार्डनर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की और उन्हें टीम में नेतृत्व की भूमिका क्यों दी गई।

Ashleigh Gardner Controversy: Cricket Australia Tightens Policy, Backs All-Rounder as Vice-Captain

एश्ले गार्डनर और मोनिका राइट - फोटो : Instagram

बोर्ड ने की गार्डनर के उपकप्तान बने रहने पर चर्चा
टॉड ग्रीनबर्ग ने डार्विन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि गार्डनर के भविष्य को लेकर बोर्ड स्तर पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने इस मामले पर अपडेट मांगा था और इसके बाद गार्डनर को उपकप्तान के पद पर बनाए रखने के फैसले का समर्थन किया। ग्रीनबर्ग ने कहा, 'बोर्ड स्तर पर इस पर चर्चा हुई। बोर्ड ने इस बारे में अपडेट मांगा था, जो हमने उन्हें दिया। इसके बाद बोर्ड ने एश का इस भूमिका में पूरा समर्थन किया, क्योंकि उन्हें उपकप्तान बनाया गया था। बोर्ड के मन में एश के लिए बहुत सम्मान है।'

Ashleigh Gardner Controversy: Cricket Australia Tightens Policy, Backs All-Rounder as Vice-Captain

जॉर्जिया वॉल - फोटो : ICC

गार्डनर और वॉल के रिश्ते की जानकारी थी: CA

  • ग्रीनबर्ग ने यह भी बताया कि गार्डनर और वॉल के रिश्ते के सार्वजनिक होने से पहले ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इसकी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि इस मामले के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने खिलाड़ियों के रिश्तों और नेतृत्व की भूमिका से जुड़े अपने 'रिस्पेक्ट एट वर्क' नियम में अतिरिक्त प्रावधान जोड़े हैं।
  • ग्रीनबर्ग के मुताबिक, इसका उद्देश्य चयन प्रक्रिया को लेकर वास्तविक या संभावित हितों के टकराव की स्थिति से बचना है। हालांकि, उपकप्तान के तौर पर गार्डनर का टीम चयन में कोई सीधा अधिकार नहीं है, लेकिन नेतृत्व की भूमिका और उसके प्रभाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय जरूरी समझे गए।

विज्ञापन

विज्ञापन

Ashleigh Gardner Controversy: Cricket Australia Tightens Policy, Backs All-Rounder as Vice-Captain

एश्ले गार्डनर और मोनिका राइट - फोटो : Instagram

वॉल के चयन को लेकर गार्डनर नहीं करेंगी कोई बातचीत
ग्रीनबर्ग ने स्पष्ट किया कि गार्डनर को जॉर्जिया वॉल के टीम में चयन, प्लेइंग-11 या स्क्वॉड में जगह को लेकर खिलाड़ी या चयनकर्ताओं से किसी भी तरह की बातचीत से बचना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि हितों के वास्तविक या संभावित टकराव की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा, 'यह सही है। हमें लगता है कि यह महत्वपूर्ण है। भले ही वास्तविक हितों का टकराव न हो, लेकिन बाहर से, टीम की अन्य खिलाड़ियों या स्टाफ की नजर में अगर ऐसा कोई संभावित टकराव दिखाई देता है, तो उससे बचना जरूरी है।'

विज्ञापन

Ashleigh Gardner Controversy: Cricket Australia Tightens Policy, Backs All-Rounder as Vice-Captain

मोनिका, गार्डनर और वॉल - फोटो : Amar Ujala Graphics

'हम इन परिस्थितियों से सीख रहे हैं'
ग्रीनबर्ग ने माना कि हाई-परफॉर्मेंस खेल के माहौल में इस तरह की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी इससे सीख रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था यह सुनिश्चित करना चाहती है कि उसकी नीतियां मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप रहें। उन्होंने कहा, 'हम यहां कुछ मुश्किल परिस्थितियों में हैं, क्योंकि सभी खेलों की तरह हम भी सीख रहे हैं कि हाई-परफॉर्मेंस माहौल कैसे काम कर सकता है। इसलिए हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारी नीतियां वास्तविक परिस्थितियों के साथ कदम मिलाकर चलें। मुझे लगता है कि हमने बिल्कुल यही किया है। बोर्ड एश के समर्थन में पूरी तरह खड़ा रहा है और शुरुआत से ही उनका समर्थन करता रहा है।'