Asian Games 2026: 0.01 सेकंड के फासले से पलटी बाजी, हरिता भद्रा ने 200 मीटर में जीता ब्रॉन्ज, 8 साल का इंतजार खत्म

हरिता भद्रा ने 200 मीटर में जीता ब्रॉन्ज मेडल. (फोटो- PTI)

Harita Bhadra, Asian Games 2026: जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के एथलेटिक्स ट्रैक पर रोंगटे खड़े कर देने वाला रोमांच देखने को मिला. महिलाओं की 200 मीटर रेस के फाइनल में भारत की युवा स्प्रिंटर हरिता भद्रा ने सांसें रोक देने वाले फोटो फिनिश में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया. हरिता ने 23.20 सेकंड का समय निकालते हुए जापानी स्प्रिंटर अबिगीरुफुका इडो (23.21 सेकंड) को सिर्फ 0.01 सेकंड यानी सेकंड के सौवें हिस्से से पीछे छोड़कर पोडियम पर अपनी जगह पक्की की.

सेकंड के सौवें हिस्से की जंग और जीता मेडल

फाइनल रेस शुरू से ही काफी तेज और कांटे की टक्कर वाली रही. सिंगापुर की स्टार स्प्रिंटर शांति परेरा ने 22.78 सेकंड के समय के साथ गोल्ड जीता, वहीं चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकंड के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया. लेकिन तीसरे स्थान के लिए हरिता भद्रा और जापान की घरेलू दावेदार अबिगीरुफुका इडो के बीच फिनिश लाइन तक कंधे से कंधा मिलाकर जंग चली. फिनिश लाइन पार करते समय दोनों लगभग एक साथ नजर आ रही थीं, लेकिन तकनीकी जांच और फोटो फिनिश कैमरों ने साफ किया कि हरिता (23.20s) ने इडो (23.21s) को बाल बराबर के अंतर से पछाड़ दिया है.

इसी के साथ साल 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में नेशनल रिकॉर्ड होल्डर दुती चंद की ओर से जीते गए सिल्वर मेडल के बाद, एशियन गेम्स की महिला 200 मीटर रेस में मेडल जीतने वाली हरिता भद्रा पहली भारतीय स्प्रिंटर बन गई हैं.

फाइनल के लिए बचाकर रखा था बेस्ट प्रदर्शन

हरिता ने टूर्नामेंट के हर राउंड में अपनी रफ्तार में सुधार दिखाया. हीट्स में उन्होंने 23.31 सेकंड का समय निकालते हुए दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था. फाइनल की सबसे दबाव भरी घड़ी में उन्होंने अपना समय 0.11 सेकंड से बेहतर किया और 23.20 सेकंड के साथ अपने करियर की सबसे बड़ी इंटरनेशनल उपलब्धि हासिल की. इसी इवेंट के फाइनल में भारत की एक और उभरती हुई स्प्रिंटर उन्नति अय्यप्पा बोलैंड ने भी हिस्सा लिया. अपने पहले एशियन गेम्स फाइनल में दौड़ते हुए उन्नति ने 23.46 सेकंड का समय निकाला और सम्मानजनक छठे स्थान पर रहीं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button