Asian Games: 75 साल का इंतजार खत्म… बरानिका एलंगोवन ने जीता ब्रॉन्ज, पोल वॉल्ट में भारत का खाता खुला

बरानिका एलंगोवन ने जीता ब्रॉन्ज मेडल. (फोटो- PTI)

Baranica Elangovan Wins Historic Bronze: जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय ट्रैक एंड फील्ड के लिए एक ऐतिहासिक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है. महिला पोल वॉल्ट इवेंट में तमिलनाडु की 25 साल की एथलीट बरानिका एलंगोवन ने 4.15 मीटर की ऊंचाई पार करके ब्रॉन्ड मेडल अपने नाम कर लिया. एशियन गेम्स के इतिहास में पुरुष या महिला, किसी भी कैटेगरी में पोल वॉल्ट इवेंट के अंदर भारत का यह पहला मेडल है. इस इवेंट में बरानिका और पोलीना इवानोवा दोनों ने 4.15 मीटर की छलांग लगाई, लेकिन दोनों ही 4.25 मीटर की बाधा को पार करने से चूक गईं. इसके चलते दोनों एथलीटों को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल से नवाजा गया.

स्प्रिंटर से पोल वॉल्टर बनने का सफर

तमिलनाडु के मयिलादुथुरै के पास कुथलम गांव की रहने वाली बरानिका एक साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता एलंगोवन एक किसान हैं. स्कूली शिक्षा पालयगुडलूर से पूरी करने के बाद उन्होंने एथलेटिक्स में कदम रखा. शुरुआत में वह स्प्रिंट और लॉन्ग जंप का हिस्सा थीं. तभी चेन्नई के एथिराज कॉलेज में ग्रेजुएशन के दौरान पुधुमै पेन फाउंडेशन पोल वॉल्टर्स की तलाश कर रहा था. वहां बरानिका का सेलेक्शन हुआ और कोच मिलबर बर्ट्रेंड रसेल की देखरेख में उन्होंने पोल वॉल्ट की बारीकियां सीखीं.

एमओपी वैष्णव कॉलेज से मास्टर्स करने के बाद, कोच मार्टिन ओवेन्स के कहने पर वह दिसंबर 2022 में ओडिशा रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉरमेंस सेंटर से जुड़ीं, जहां उनके खेल को इंटरनेशनल धार मिली.

हांगझोउ से बाहर होने का दर्द, 2026 में धमाकेदार वापसी

बता दें, 2018 में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी लेवल पर 3.80 मीटर का मीट रिकॉर्ड बनाने के बाद, उन्होंने 2023 में इंडियन ग्रां प्री 4 में 4.10 मीटर कूदकर इंटरनेशनल मानक हासिल किया था. लेकिन भुवनेश्वर इंटर-स्टेट मीट में 3.80 मीटर पर अटकने के कारण वह हांगझोउ एशियन गेम्स की टीम से बाहर हो गई थीं. लेकिन साल 2026 में उन्होंने गजब की लय दिखाई. मार्च 2026 में भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल इंडोर चैंपियनशिप में 4.22 मीटर की छलांग लगाकर वह पहली इंडोर नेशनल चैंपियन बनीं और रोजी मीना पॉलराज का नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा.

मई 2026 में उन्होंने कलिंगा स्टेडियम में ही अपने रिकॉर्ड को सुधारते हुए 4.23 मीटर किया. इसके साथ ही चेन्नई में इंडियन ओपन और रांची में 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स में 4.10 मीटर के साथ दो गोल्ड मेडल जीते. अब नागोया के मैदान पर 4.15 मीटर की कूद लगाकर पोडियम पर खड़े होना उनके सालों के त्याग, अनुशासन और भारतीय एथलेटिक्स के नए इतिहास का प्रमाण है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button