Audi Q3 का नया मॉडल मचाएगा धमाल, इस दिन होगी भारत में लॉन्च; पावरफुल इंजन के साथ मिलेगा नया लुक

16 अक्टूबर को भारत आएगी नई Audi Q3, दमदार इंजन और नए डिजाइन से होगी लैस

भारतीय बाजार में Audi जल्द ही बड़ा अपडेट लेकर आ रही है. कंपनी अपनी नई जनरेशन Q3 को 16 अक्टूबर 2026 को भारत में लॉन्च करने वाली है. इसका इंडिया-स्पेक मॉडल अगस्त 2026 में ही पेश किया जा चुका है.खास बात यह है कि नई Q3 भारत में आने वाली Audi की नई जनरेशन कारों में पहली होगी.

नई Q3 मौजूदा मॉडल की जगह लेगी, जो पिछले करीब चार साल से भारतीय बाजार में बिक्री के लिए मौजूद है. कंपनी इस SUV को भारत में ही असेंबल करेगी. इसकी बुकिंग भी इसी महीने से शुरू हो चुकी है. नई Q3 में डिजाइन से लेकर फीचर्स और इंजन तक कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे.

सिर्फ पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद

नई Audi Q3 में इस बार डीजल इंजन का विकल्प नहीं मिलेगा. इसमें 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिए जाने की उम्मीद है. कंपनी ने अभी तक भारत में मिलने वाले मॉडल की पावर और टॉर्क की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. हालांकि, माना जा रहा है कि इसका इंजन करीब 204 hp की पावर और 320 Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है.

इस इंजन के साथ 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है. SUV में Audi का Quattro ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम भी दिया जाएगा. इसका मतलब है कि इंजन की ताकत चारों पहियों तक पहुंचेगी. खास बात यह है कि Quattro सिस्टम को Q3 के सभी वेरिएंट में स्टैंडर्ड तौर पर दिए जाने की उम्मीद है.

पहले से ज्यादा दमदार दिखेगी SUV

नई Q3 का डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी अलग होगा. सामने की तरफ इसमें स्प्लिट हेडलैंप दिए गए हैं, जो SUV को पहले से ज्यादा आक्रामक लुक देते हैं. इसमें अलग-अलग तरह से सेट किए जा सकने वाले DRLs भी मिलेंगे.

साइड में बॉडी के रंग की क्लैडिंग, क्रोम बेल्टलाइन और 18-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. पीछे की तरफ स्प्लिट टेल-लैंप, रोशन होने वाला Audi लोगो और स्पॉइलर इसे प्रीमियम लुक देते हैं.

अंदर मिलेंगे कई नए फीचर्स

नई Q3 का केबिन भी पहले से ज्यादा आधुनिक होगा. इसमें ड्राइवर के लिए डिजिटल स्क्रीन और इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए अलग स्क्रीन दी जाएगी. यानी डैशबोर्ड पर ड्यूल-स्क्रीन सेटअप देखने को मिलेगा.

इसके अलावा 4-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और स्टीयरिंग के पास ही गियर लीवर दिया जाएगा. फीचर्स की बात करें तो SUV में Sonos साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है.

60 लाख रुपये तक जा सकती है कीमत

नई जनरेशन Q3 की कीमत मौजूदा मॉडल से ज्यादा हो सकती है. फिलहाल भारत में Q3 की कीमत 43.67 लाख रुपये से 53 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है. नई Q3 की शुरुआती कीमत करीब 55 लाख रुपये होने का अनुमान है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत लगभग 60 लाख रुपये तक जा सकती है.

भारत में लॉन्च होने के बाद नई Audi Q3 का मुकाबला BMW X1, Mercedes-Benz GLA और Mini Countryman C जैसी लग्जरी SUVs से होगा. ऐसे में नई Q3 के लिए 16 अक्टूबर का लॉन्च काफी अहम माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें- इलेक्ट्रिक कार चार्ज करते समय ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी, हो सकता है लाखों का नुकसान

Kia Sorento की बादशाहत या Mahindra XUV 7XO का दबदबा? खरीदने से पहले जानें कौन सी SUV है ज्यादा दमदार

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी

आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.

Read More

google button