
ट्रेविस हेड के लगातार उखड़ रहे स्टंप्स. (फोटो- GETTY)
Travis Head, ZIM vs AUS 1st ODI: जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले ही मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड सस्ते में आउट हो गए. तेज शुरुआत के लिए पहचाने जाने वाले हेड सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस ने उन्हें इनसाइड-एज के जरिए बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 10 रन पर पहला झटका दे दिया. इसके साथ ही प्रोफेशनल क्रिकेटर में ट्रेविस हेड लगातार छठी पारी में बोल्ड होकर आउट हुए हैं, जिसने उनकी तकनीक की एक पुरानी कमजोरी को फिर से उजागर कर दिया है.
ट्रेविस हेड के लगातार उखड़ रहे स्टंप्स
ऑस्ट्रेलियाई पारी के दूसरे ओवर में ही जिम्बाब्वे को बड़ी सफलता मिली. ब्रैड इवांस के ओवर की आखिरी ऑफ स्टंप के बाहर थोड़ी बैक ऑफ लेंथ थी. रूम की कमी के बावजूद हेड ने ऑफ साइड में स्क्वायर कट खेलने की कोशिश की. लेकिन गेंद बल्ले के निचले किनारे से टकराई और सीधे स्टंप्स में जा घुसी. बांग्लादेश के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज से शुरू हुआ यह सिलसिला अब वनडे तक खिंच आया है. हेड अब इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार चार पारियों में गेंद को अपने ही स्टंप्स पर घसीटकर बोल्ड आउट हुए हैं.
आईपीएल से लेकर जिम्बाब्वे तक
ट्रेविस हेड के आउट होने का यह पैटर्न अब सिर्फ संयोग नहीं रह गया है. आईपीएल, बांग्लादेश टेस्ट सीरीज और अब जिम्बाब्वे वनडे सीरीज को मिलाकर वो लगातार छह पारियों में सिर्फ बोल्ड होकर पवेलियन लौटे हैं. शरीर से दूर खेलने की उनकी आदत और फुटवर्क की कमी के चलते गेंदबाज लगातार ऑफ-स्टंप के आसपास पांचवें स्टंप की लाइन पर गेंद रखकर उन्हें स्टंप्स की लाइन में ड्रैग-ऑन करने पर मजबूर कर रहे हैं.
17 बार कैच, फिर 6 बार लगातार बोल्ड
प्रोफेशनल क्रिकेटर में ट्रेविस हेड की पिछली 23 पारियों के आंकड़े किसी पहेली की तरह नजर आते हैं. शुरुआती 17 पारियों में वो सिर्फ कैच आउट हुए थे. इसके ठीक बाद वो लगातार 6 पारियों में सिर्फ बोल्ड आउट हुए हैं. इस अजीबोगरीब ट्रेंड ने ऑस्ट्रेलियाई थिंक-टैंक और बल्लेबाजी कोच की चिंताएं बढ़ा दी हैं. अगर हेड जल्दी ही अपने शॉट सेलेक्शन और ऑफ-स्टंप के बाहर रूम बनाने की तकनीक में सुधार नहीं करते, तो विपक्षी टीमें इस कमजोरी का जमकर फायदा उठाएंगी.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More