Babar Azam: जितनी बड़ी टीम, बाबर आजम का उतना बुरा हाल, पिछली 10 टेस्ट पारियों में तो यही दिखा है

पिछली 10 टेस्ट पारियों में बाबर आजम (Photo: Getty Image)

WI vs PAK: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान के कप्तान और स्टार बल्लेबाज कहे जाने वाले बाबर आजम का दम निकल गया. सिर्फ 23 रन पर उनकी पारी सिमटकर रह गई. शतक तो दूर की बात है, एक और बार वो अर्धशतक भी नहीं लगा सके. इस सीरीज से पहले भी खेले टेस्ट की दो पारियों में बाबर आजम वेस्टइंडीज के खिलाफ विफल रहे हैं. वैसे अगर आप उनके पिछले 10 टेस्ट का ट्रैक रिकॉर्ड उठाकर देखेंगे तो पता चलेगा कि जितनी बड़ी टीम, बाबर आजम का उतना बुरा हाल हुआ है.

इन टीमों के खिलाफ बाबर आजम ने खेली पिछली 10 टेस्ट पारी

बाबर आजम ने पिछले 10 टेस्ट इंग्लैंड, बांग्लादेश और वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेले हैं. इन तीनों टीमों में इंग्लैंड सबसे मजबूत है. ICC टेस्ट रैंकिंग में भी वो बाकी दो के मुकाबले ऊपर है. इंग्लैंड 5वें स्थान पर है तो वेस्टइंडीज 8वें और बांग्लादेश 9वें नंबर पर. अब जरा इन तीनों टीमों के खिलाफ एक-एक कर टेस्ट में बाबर आजम का परफॉर्मेन्स देखिए. पिछली 10 टेस्ट पारियों में से उन्होंने कितनी इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश के खिलाफ खेलीं और उसमें क्या-क्या किया?

जितनी बड़ी टीम, बाबर आजम का उतना बुरा हाल

बाबर आजम ने पिछली 10 में से 2 टेस्ट पारियां इंग्लैंड के खिलाफ खेली हैं, जिसमें उन्होंने कुल मिलाकर 6 रन बनाए हैं. उनका स्कोर 5 और 1 रन का रहा है.

अब आते हैं वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रदर्शन पर. उन 10 टेस्ट पारियों में से बाबर आजम ने 3 पारियां वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली हैं, जिसमें उन्होंने कुल मिलाकर 77 रन बनाए हैं. उनका स्कोर 31, 23 और 23 का रहा है. मतलब इस बार लगातार दूसरी बार वो वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 रन पर आउट हुए.

बांग्लादेश के खिलाफ बाबर आजम ने 5 टेस्ट इनिंग खेली, जिसमें कुल 178 रन बनाए. इस दौरान एक पारी में उन्होंने अर्धशतक भी लगाया. बांग्लादेश के खिलाफ उनका स्कोर- 22, 11, 30, 68, 47 का रहा.

घर से बाहर खेले टेस्ट में खामोश बल्ला (बतौर कप्तान)

साफ है कि पिछली 10 टेस्ट पारियों में बाबर आजम के नाम सिर्फ 1 अर्धशतक है. वो 9 पारियों में अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे हैं. इतना ही नहीं बतौर कप्तान घर से बाहर खेले टेस्ट में भी उनकी बल्लेबाजी का रिपोर्ट कार्ड अच्छा नहीं है. घर से बाहर खेली पिछली 5 टेस्ट पारियों में बाबर आजम लगातार चौथी इनिंग में अर्धशतक जड़ने से चूके हैं. उनका स्कोर उन 5 पारियों में- 81, 13, 24, 39 और 23- रन का रहा है.

बेस्ट चाहिए तो पहले बेस्ट देना पड़ेगा

PCB ने फिर से बाबर आजम का टेस्ट का कप्तान तो बना दिया है. लेकिन, जो आंकड़े आइना दिखा रहे हैं, उससे लगता है कि कहीं दांव उलटा ना पड़ जाए. टेस्ट कप्तानी फिर से मिलने के बाद बाबर आजम ने ये कहा जरूर था कि वो अपने खिलाड़ियों से उनका बेस्ट निकलवाने की कोशिश करेंगे. लेकिन, उसके साथ-साथ खुद के परफॉर्मेन्स को भी उन्हें दुरुस्त करने की जरूरत है.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button