Bank Strike Today: आज शुक्रवार का दिन बैंकिंग सेक्टर के लिए काफी उथल-पुथल भरा साबित हो रहा है. देशभर के बैंक कर्मचारी आज एक बड़ी हड़ताल पर चले गए हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बुलावे पर आज 11 सितंबर 2026 को ये देशव्यापी हड़ताल की जा रही है. लंबे समय से कर्मचारी हफ्ते में केवल पांच दिन काम करने का नियम लागू करने की मांग कर रहे हैं. कई दौर की बातचीत के बाद भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला, जिसके बाद यूनियनों ने अपनी इस हड़ताल को वापस लेने से साफ इनकार कर दिया. इस फैसले से देश के करोड़ों बैंक ग्राहकों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है.
सरकारी बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप
इस देशव्यापी बंदी का सबसे भयानक असर सरकारी बैंकों के कामकाज पर दिखाई दे रहा है. देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से लेकर पंजाब नेशनल बैंक तक में ताले लटके हैं. इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूको बैंक के साथ-साथ बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखाओं में भी काम नहीं हो रहा है. ब्रांच में कैश जमा करने, पैसे निकालने, ड्राफ्ट बनवाने से लेकर चेक क्लीयरिंग तक के सभी जरूरी काम रुक गए हैं. लोन से जुड़े काम भी पूरी तरह से प्रभावित हैं. काउंटर पर किसी भी तरह की सेवा न मिलने से लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है.
प्राइवेट बैंकों के ग्राहकों के लिए ताजा अपडेट
एक तरफ सरकारी बैंकों में सन्नाटा पसरा है, वहीं दूसरी तरफ कुछ ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर भी है. देश के तमाम बड़े निजी बैंक इस हड़ताल से दूरी बनाए हुए हैं. अगर आपका खाता एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, यस बैंक या इंडसइंड बैंक में है, तो आप बेफिक्र होकर अपनी ब्रांच जा सकते हैं. इन बैंकों में कामकाज आम दिनों की तरह ही सुचारू रूप से चल रहा है. हालांकि कुछ पुराने प्राइवेट बैंकों में कर्मचारी संगठनों की मजबूत पकड़ होने के चलते वहां सेवाएं थोड़ी बहुत प्रभावित हो सकती हैं. वहीं कोऑपरेटिव बैंकों का हाल भी हर जगह अलग है. वहां का काम पूरी तरह से स्थानीय कर्मचारी संगठनों के फैसले पर निर्भर कर रहा है. इसलिए वहां जाने से पहले ग्राहकों को अपनी ब्रांच से फोन पर जानकारी जुटा लेने की सलाह दी गई है.
डिजिटल लेनदेन पर नहीं पड़ा कोई असर
आज के समय में ज्यादातर लोग ऑनलाइन पेमेंट पर निर्भर हैं. राहत की बात ये है कि बैंक कर्मचारियों की इस हड़ताल से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है. आपकी यूपीआई सेवाएं, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग पूरी तरह से चालू हैं. आप घर बैठे आसानी से पैसों का लेनदेन कर सकते हैं. जहां तक एटीएम की बात है, तो मशीनें काम कर रही हैं. लेकिन कैश रीफिलिंग का काम न होने या स्थानीय तकनीकी दिक्कतों के चलते कुछ स्थानों पर एटीएम में नकदी की कमी हो सकती है. इसलिए बड़े कैश की जरूरत होने पर सावधानी बरतना जरूरी है.
अगले तीन दिन तक सताएगी बड़ी परेशानी
आम जनता के लिए ये हड़ताल सिर्फ एक दिन की परेशानी नहीं है. 11 सितंबर को बैंकों में हड़ताल है. इसके ठीक अगले दिन 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार पड़ रहा है, जिस दिन बैंकों की छुट्टी होती है. इसके बाद 13 सितंबर को रविवार की वजह से भी बैंक बंद रहेंगे. इसका सीधा मतलब ये है कि बैंक अब सीधे सोमवार को खुलेंगे. लगातार तीन दिनों तक ब्रांच से जुड़े काम प्रभावित रहने वाले हैं. ऐसे में ग्राहकों के लिए बेहतर यही है कि वे अपने जरूरी काम डिजिटल माध्यम से ही निपटाएं.

विभव शुक्ला
विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.
Read More