बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग बेटी ने अपने 21 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हंसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। पिता ने दोनों को खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद हुए विवाद में दोनों ने वारदात को अंजाम देकर शव नहर किनारे फेंक दिया।
मृतक पिता कृष्णा (फाइल फोटो)
- Published: 22 Aug 2026, 04:51 PM IST
- Last Updated: 22 Aug 2026, 05:08 PM IST
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटी ने अपने 21 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर अपने 50 वर्षीय पिता की हंसिया से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पिता ने दोनों को खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और विरोध जताया था। वारदात के बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया था। पुलिस ने नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
खेत में आपत्तिजनक हालत में देखकर हुआ था विवाद
घटना छावनी थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव की है। मृतक कृष्णा 50 मजदूरी कर अपनी नाबालिग बेटी का पालन-पोषण करते थे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और पत्नी का निधन पहले ही हो चुका था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे किशोरी मवेशी चराने के बहाने घर से निकली थी। दोपहर करीब 12 बजे तक जब वह नहीं लौटी, तो कृष्णा उसे ढूंढते हुए खेतों की तरफ गए। वहां उन्होंने बेटी को बभरौली गांव निवासी लक्ष्मण 21 के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया।
हंसिया से गर्दन और सीने पर किए ताबड़तोड़ वार
पिता द्वारा डांटने और विरोध करने पर लक्ष्मण और कृष्णा के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान लक्ष्मण ने कृष्णा को पकड़ लिया और दोनों ने मिलकर घास काटने वाले हंसिया से कृष्णा की गर्दन, सीने और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को घसीटकर गांव से 500 मीटर दूर नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
परिजनों की पूछताछ में बेटी ने खोला राज
देर शाम तक जब कृष्णा घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी घर पर ही मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने जब किशोरी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया और बताया कि पिता की हत्या कर शव नहर किनारे फेंक दिया गया है। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां झाड़ियों के बीच खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
पुलिस कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही एसओ छावनी जीवन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। एसओ जीवन त्रिपाठी ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग किशोरी और उसके प्रेमी लक्ष्मण को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हंसिया की बरामदगी व अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।