उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सड़क हादसे में घायल महिला सिपाही केसरी वर्मा 30 की शनिवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सिपाही पति नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि सिर में 4 टांके लगने और सीटी स्कैन रिपोर्ट सौंपने के बावजूद एसपी ऑफिस से मेडिकल लीव नहीं दी गई, जिसके चलते समय पर बेहतर इलाज न मिलने से उनकी पत्नी की जान चली गई।

Deceased woman constable Kesari Verma (file photo.)

मृतका महिला कांस्टेबल केसरी वर्मा (file photo.)

  • Published: 29 Aug 2026, 09:42 PM IST
  • Last Updated: 29 Aug 2026, 09:42 PM IST

बस्ती : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 7 दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल हुई 30 वर्षीय महिला आरक्षी केसरी वर्मा की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर उनके सिपाही पति नागेंद्र वर्मा फूट-फूट कर रो पड़े। नागेंद्र ने पुलिस विभाग के प्रशासनिक अमले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सिर में 4 टांके और गंभीर चोट होने के बावजूद एसपी कार्यालय द्वारा मेडिकल लीव चिकित्सा अवकाश स्वीकृत नहीं की गई, जिसके कारण उचित इलाज के अभाव में उनकी पत्नी ने दम तोड़ दिया।

​प्रतापगढ़ में हुआ था एक्सीडेंट, सिर में लगे थे 4 टांके

मूल रूप से जनपद प्रतापगढ़ की निवासी केसरी वर्मा बस्ती जिले के लालगंज थाने में तैनात थीं। उनके पति नागेंद्र वर्मा भी इसी थाने में आरक्षी के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों के मुताबिक, केसरी छुट्टी बिताकर 22 अगस्त को अपने भाई के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन जा रही थीं, तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई। हादसे में केसरी के सिर में गंभीर चोट आई और डॉक्टरों ने 4 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह बस्ती लौट आईं और ड्यूटी जॉइन कर ली, लेकिन सिर का दर्द और परेशानी लगातार बनी रही।

​सीटी स्कैन रिपोर्ट लगाने पर भी नहीं दी छुट्टी

मृतका के पति नागेंद्र का आरोप है कि चोट गंभीर होने के कारण केसरी आगे का समुचित इलाज कराने के लिए 27 अगस्त को एसपी कार्यालय में अवकाश का प्रार्थना पत्र देने गई थीं। उन्होंने आवेदन के साथ सीटी स्कैन और मेडिकल पर्चे भी संलग्न किए थे। नागेंद्र का दावा है कि कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने यह कहकर छुट्टी देने से मना कर दिया कि न तो उपार्जित अवकाश EL मिलेगा और न ही मेडिकल लीव। पति का कहना है कि यदि समय रहते छुट्टी मिल जाती और वह किसी बड़े अस्पताल में इलाज करा पाते, तो केसरी की जान बचाई जा सकती थी।

​तड़के अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

शनिवार तड़के करीब 4 बजे बनकटी कस्बे स्थित किराए के कमरे पर केसरी की तबीयत अचानक अत्यधिक बिगड़ गई। अचेत अवस्था में पति नागेंद्र और अन्य साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल कैली स्थित ओपेक चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित पति ने लालगंज थानाध्यक्ष दिनेश चंद चौधरी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर एसपी दफ्तर के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

Basti, UP: Woman constable Kesari Verma died after her condition deteriorated following a head injury sustained on August 22. Her husband, constable Nagendra, created a commotion at the post-mortem house, alleged negligence and sought justice, refusing the post-mortem without an… pic.twitter.com/ApMRIXrL2v

— IANS (@ians_india) August 29, 2026

अधिकारियों ने दी सफाई, जांच के आदेश

घटना की सूचना पर सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह और सीओ रुधौली अनिल सिंह समेत आला अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित पति को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाकर शांत कराया। सीओ रुधौली अनिल सिंह ने बताया कि महिला आरक्षी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मृत्यु के सही चिकित्सीय कारणों की पुष्टि हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश न दिए जाने और लापरवाही बरतने के संबंध में जो भी आरोप लगाए गए हैं, उनकी गहनता से प्रशासनिक जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।