Published: Saturday, August 29, 2026, 12:13 [IST]
Asian Games 2026 शुरू होने से पहले जापान के ऐची-नागोया में खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। क्रिकेट टीमों के लिए उपलब्ध सुविधाओं से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) संतुष्ट नहीं बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार खिलाड़ियों के लिए मैदान पर स्थायी ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था नहीं है। इसके बजाय टेंट लगाए गए हैं। वॉशरूम भी इन टेंट से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताए गए हैं। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए जिन होटल कमरों की व्यवस्था की गई है, उन्हें लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। कमरों के आकार को काफी छोटा बताया गया है।
इन जानकारियों के सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा था कि क्या BCCI अपने प्रमुख खिलाड़ियों को ऐसी परिस्थितियों में खेलने भेजेगा। इसी वजह से भारत के एशियन गेम्स में 'B' टीम के साथ उतरने की चर्चा भी शुरू हुई। अब बोर्ड की तरफ से इस पर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स में क्रिकेट का शेड्यूल घोषित, भारत-पाक के बीच सिर्फ एक मैच संभव, वैभव सूर्यवंशी काटेंगे गदर
NDTV की एक विशेष रिपोर्ट में BCCI के सूत्र के हवाले से कहा गया है कि बोर्ड को सुविधाओं को लेकर चिंता जरूर है लेकिन भारत 'B' टीम नहीं भेजेगा। हालात का जायजा लेने के लिए BCCI एक ऑब्जर्वर को जापान भेजने की तैयारी में है, जो वहां खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखेगा। यानी सुविधाओं को लेकर आपत्ति अपनी जगह है, लेकिन इसका असर टीम के चयन पर नहीं पड़ेगा।
भारत ने एशियन गेम्स के लिए जिस टीम का ऐलान किया है, उसमें कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहले ही अपनी पहचान बना चुके हैं। पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे और तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन भी टीम का हिस्सा हैं। महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है।
भारत पिछली बार एशियन गेम्स में क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीत चुका है। इस बार भी टीम के चयन से यही संकेत मिलता है कि BCCI टूर्नामेंट को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। अब असली सवाल यह है कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ऐची-नागोया में खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर उठी शिकायतों पर कितना काम किया जाता है।
ये भी पढ़ें: जेंडर चेंज करा लड़की बनी अनाया बांगड़ के खेलने का रास्ता साफ, महिला क्रिकेट में खेलने की मिली मंजूरी