BCCI मेडिकल टीम की हरी झंडी, इस खिलाड़ी ने पास किया फिटनेस टेस्ट, अफगानिस्तान के खिलाफ मचाएगा गदर

नीतीश रेड्डी ने पास किया फिटनेस टेस्ट. (फोटो- PTI)

IND vs AFG T20I: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की घरेलू टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने पूरी तरह फिट घोषित कर दिया है. बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फाइनल मैच सिमुलेशन टेस्ट पास करने के बाद 23 साल के रेड्डी को मेडिकल क्लीयरेंस मिल गई है.

चोट से उबरकर पास किया फिटनेस टेस्ट

नीतीश रेड्डी पिछले कुछ समय से चोट से जूझ रहे थे. जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान उनकी बाईं जांघ की चोट दोबारा उभर आई थी. इस चोट के चलते उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के हालिया व्हाइट-बॉल दौरों से बाहर बैठना पड़ा था. ऐसे में अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए जब भारतीय टीम का ऐलान हुआ था, तब उनका सेलेक्शन फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त पर रखा गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु में हुए आखिरी टेस्ट के दौरान उनकी गेंदबाजी के वर्कलोड की गहन समीक्षा की गई, जहां उन्होंने बिना किसी परेशानी के गेंदबाजी की और खुद को मैच-फिट साबित किया. वो अब गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय स्क्वॉड से जुड़ने जा रहे हैं.

हार्दिक की गैर-मौजूदगी में टीम को मिला बड़ा बूस्टर

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस चिंताओं के बीच नीतीश कुमार रेड्डी की वापसी कप्तान श्रेयस अय्यर और टीम मैनेजमेंट के लिए एक अच्छी खबर है. रेड्डी ने भारत के लिए अब तक खेले 4 टी20 मुकाबलों में 180 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 90 रन बनाए हैं और साथ ही 3 विकेट भी झटके हैं. आईपीएल 2026 के दौरान उनकी गेंदबाजी और डेथ ओवर्स में बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता में जबर्दस्त निखार देखने को मिला था. ऐसे में वो कप्तान के लिए एक अच्छा विकल्प बन सकते हैं.

दिल्ली में 13 से 17 सितंबर तक घमासान

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की यह टी20 सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी. पहला मुकाबला 13 सितंबर 2026 को होगा, वहीं सीरीज का आखिरी मैच 17 सितंबर को होगा. भारतीय खेमे के लिए अच्छी बात यह भी है कि वॉशिंगटन सुंदर भी फिटनेस टेस्ट पास कर टीम में शामिल हो चुके हैं, वहीं जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की फिटनेस अपडेट का अभी इंतजार किया जा रहा है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button