India U19 updated squad: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 18 सितंबर से अंडर-19 सीरीज का आयोजन होगा। दोनों टीमें गुजरात में तीन वन-डे मैच और दो अनौपचारिक टेस्ट खेलेंगी। इंडिया U19 स्क्वॉड में बदलाव हुआ है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वन-डे और मल्टी-डे सीरीज के लिए भारत के अंडर-19 स्क्वॉड में बदलाव किया है। बीसीसीआई ने रोहित यादव द्वारा उम्र में फर्जीवाड़ा करने के बाद ऐसा किया। रोहित को वन-डे टीम में आर्यन सवसानी ने रिप्लेस किया जबकि मल्टी-डे स्क्वॉड में तन्मय बलोदा को शामिल किया गया। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ''जूनियर क्रिकेट कमेटी ने इंडिया अंडर-19 वन-डे टीम में रोहित की जगह सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के आर्यन को शामिल किया। मल्टी-डे टीम में रोहित की जगह हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के तन्मय की एंट्री हुई।''

रोहित यादव पर 2 साल का बैन

बीसीसीआई ने उम्र को लेकर गलत जानकारी देने के मामले में बंगाल के लेग स्पिनर रोहित यादव पर दो साल का बैन लगाया है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित ने जुलाई में भारत की अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था। उन्होंने वहां छह विकेट लिए थे और टीम को अंतिम टेस्ट जीतने में अहम योगदान दिया था। श्रीलंका दौरे के दौरान दस्तावेजों की जांच में उनकी उम्र को लेकर विसंगतियां सामने आईं। रोहित के पास जन्म के तीन अलग-अलग प्रमाणपत्र मिले, जिनमें जन्म वर्ष 2007, 2009 और 2010 दर्ज है। इसके अलावा उनके आधार रिकॉर्ड में भी अलग-अलग जन्म वर्ष पाए गए। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) में उनका जन्म वर्ष 2007 दर्ज था, जबकि आधार रिकॉर्ड में 2017 और 2020 के अपडेट में 2006 और 2021 में इसे बदलकर 2009 किया गया। इन विसंगतियों के कारण वह आयु वर्ग की क्रिकेट खेलने के लिए अयोग्य पाए गए।

स्क्वॉड में द्रविड़-सहवाग के बेटे

दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 सितंबर से शुरू होने वाली अंडर-19 सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग वन-डे स्क्वॉड का हिस्सा हैं। 18 वर्षीय आर्यवीर को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। वहीं, भारत के पूर्व कप्तान और कोच द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय ने टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। वह पिछले महीने श्रीलंका दौरे पर गई अंडर-19 टीम का हिस्सा थे।

वन-डे मैचों के लिए भारत की अंडर-19 अपडेटेड स्क्वॉड: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, शविन विनोद, मोहित उल्वा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल, आर्यन सवसानी

मल्टी-डे मैचों के लिए भारत का अंडर-19 अपडेटेड स्क्वॉड: यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय बिस्वास (विकेटकीपर), ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उल्वा, आर्यन यादव, तन्मय बलोदा।