भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही भारतीय सेना भर्ती रैली में मध्य प्रदेश के 15 जिलों से हजारों युवा भाग ले रहे हैं। भर्ती अभियान 8 अगस्त तक चलेगा और इसमें अग्निवीर, जेसीओ तथा हवलदार एजुकेशन पदों के लिए चयन किया जा रहा है।

Bhopal Army Recruitment

भोपाल में सेना भर्ती रैली में उमड़ा युवाओं का जोश

  • Published: 03 Aug 2026, 09:51 AM IST
  • Last Updated: 03 Aug 2026, 09:51 AM IST

भोपाल: नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित भारतीय सेना की भर्ती रैली में मध्य प्रदेश के युवाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) भोपाल द्वारा आयोजित यह भर्ती रैली 28 जुलाई से शुरू होकर 8 अगस्त 2026 तक चलेगी। इसमें प्रदेश के 15 जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सेना में भर्ती होने का सपना लेकर पहुंच रहे हैं।

योग्य उम्मीदवारों का चयन
भर्ती रैली के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों उम्मीदवार भारतीय सेना द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार विभिन्न चयन प्रक्रियाओं से गुजर रहे हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से अग्निवीर, जूनियर कमीशंड ऑफिसर (धार्मिक शिक्षक) और हवलदार एजुकेशन के पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है।
रैली की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए भारतीय सेना के डायरेक्टर जनरल रिक्रूटिंग लेफ्टिनेंट जनरल आर. एस. सुंदरम (SM, VSM) ने शनिवार को भर्ती स्थल का दौरा किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की निगरानी करने के साथ-साथ प्रशासनिक और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह
निरीक्षण के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल सुंदरम ने अभ्यर्थियों से भी बातचीत की। उन्होंने युवाओं को चयन प्रक्रिया के दौरान अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने उम्मीदवारों को भारतीय सेना के मूल्यों समर्पण, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सेना के अधिकारियों के अनुसार भर्ती रैली पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक और लॉजिस्टिक इंतजाम किए गए हैं, ताकि चयन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के निष्पक्ष ढंग से पूरी हो सके।

अफवाह या गलत जानकारी पर भरोसा न करें
भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए यह रैली बड़ा अवसर मानी जा रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए अभ्यर्थी सुबह से ही मैदान में पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। चयन प्रक्रिया के दौरान शारीरिक दक्षता, दस्तावेज सत्यापन और अन्य निर्धारित चरणों का पालन किया जा रहा है।
सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी आधिकारिक गाइडलाइन का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी पर भरोसा न करें। उनका कहना है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जा रही है।