Bhopal Minor Girl Death Case: भोपाल (Bhopal) के बैरागढ़ इलाके में 12 साल की बच्ची का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। 

बच्ची गुरुवार (Thursday) रात से लापता थी और शुक्रवार (Friday) सुबह कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर की तीसरी मंजिल पर उसका न्यूड शव मिला है।

परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम (FSL) मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।

रात 8 बजे घर से निकली थी बच्ची

परिजनों के अनुसार, बच्ची बैरागढ़ फाटक रोड स्थित झुग्गी बस्ती में रहती थी और पन्नी बीनने का काम करती थी। 

गुरुवार रात करीब 8 बजे वह घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद परिवार ने देर रात बैरागढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

शुक्रवार सुबह बच्ची का शव एक सुनसान खंडहर में मिलने की जानकारी सामने आई।

दादी ने बताया कैसे मिला बच्ची का शव

मृतका की दादी ने बताया कि सुबह एक लड़की ने खंडहर की तीसरी मंजिल पर बच्ची को देखा था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं। 

उनके मुताबिक, तलाश के दौरान सबसे पहले बच्ची के गले का पेंडल मिला, इसके बाद उसके कपड़े मिले। आगे जाने पर शव कंबल में लिपटा हुआ मिला।

दादी का दावा है कि बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उन्होंने बताया कि पोती की हालत देखकर उन्हें चक्कर आ गया और वह गिर पड़ीं।

दादी ने आरोपी पर कड़ी सजा की मांग की

मृतका की दादी ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ यौन अपराध (Sexual Offenses) के बाद उसकी हत्या (Murder) की गई। 

उन्होंने दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही न्याय नहीं मिलने की स्थिति में थाने के सामने आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी भी दी।

परिवार ने पुलिस (Bhopal Police) से मामले की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

घटनास्थल पर बैरागढ़ एसीपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारण तथा दुष्कर्म की आशंका के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: Bhopal Gambling Case: भोपाल में 8 महिला जुआरी गिरफ्तार, SAF जवान भी खेल रहा था जुआ, सस्पेंड किया