Bhopal Small Plots: भोपाल में अब मिडिल क्लास फैमिली के लिए भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) छोटे प्लॉट बनाएगा। इससे मिडिल क्लास फैमिली वाले आसानी से प्रॉपर्टी खरीद सकेंगे। 20 अगस्त, गुरुवार को कमिश्नर कर्मवीर शर्मा की मौजूदगी में हुई बोर्ड मीटिंग में बड़ा फैसला लिया गया। मीटिंग में AI सिटी योजना समेत 17 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बड़े प्लॉट होंगे छोटे, मिडिल क्लास को फायदा

भोपाल में नगर विकास योजना के तहत 45 मीटर मास्टर प्लान रोड पर मौजूद बड़े प्लॉट को छोटे आकार के प्लॉट में बदलने का प्रस्ताव है। इससे बाजार में छोटे प्लॉट उपलब्ध होंगे और मिडिल क्लास फैमिली के लिए प्लॉट खरीदना आसान हो सकता है। इससे ज्यादा परिवार अपने बजट के हिसाब से जमीन खरीदकर घर बना सकेंगे।

AI सिटी योजना को मंजूरी देने के प्रस्ताव पर चर्चा

बैठक में 6 जुलाई 2026 को हुई बोर्ड बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की गई। इसके साथ ही भोपाल विकास प्राधिकरण की नॉलेज और AI सिटी योजना को प्रशासकीय मंजूरी देने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके अलावा सलैया गांव में 132/33 केवी अति उच्चदाब बिजली उपकेंद्र के लिए लाइन की बढ़ी लागत और अतिरिक्त पर्यवेक्षण शुल्क का मामला भी बोर्ड के सामने रखा गया।

karmveer

लैंड यूज बदलने के प्रस्ताव पर भी विचार

बोर्ड मीटिंग में सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर विकास योजना, मिसरोद फेज-2 और मिसरोद फेज-1 के स्वीकृत बदलाव के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद आवासीय परिसर, कटारा हिल्स में स्कूल के लिए तय प्लॉट का लैंड यूज बदलने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। वहीं खाली पड़े सिंगल एक्स और डुप्लेक्स आवासीय भवनों की कीमत तय करने और उन्हें बेचने की अनुमति से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

47 डुप्लेक्स मकानों को बेचने की अनुमति पर भी चर्चा

इसी तरह एयरपोर्ट सिटी चरण-1 में खाली पड़े आवासीय, व्यावसायिक और पीएसपी प्लॉट के साथ 47 डुप्लेक्स मकानों की कीमत तय करने और उन्हें बेचने की अनुमति पर भी चर्चा हुई। एमजी-रूसिया नगर योजना में खाली पड़े एचआईजी डुप्लेक्स की कीमत तय करने और बिक्री के प्रस्ताव को भी एजेंडे में रखा गया। बैठक में एयरपोर्ट सिटी चरण-2 में नीलामी के जरिए बेचे गए तीन प्लॉट के आवंटन पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा मिसरोद, बर्रई, बागली और जाटखेड़ी इलाके में मौजूद प्लॉट नंबर एम-73 को चार हिस्सों में बांटने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

ये खबर भी पढ़ें: कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ FIR, 82 लाख की जमीन 18 लाख में खरीदी, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग का आरोप

भोपाल के सभी चौराहों पर फ्री हो लेफ्ट टर्न

भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने 3 बैठक और लीं। उन्होंने कहा कि भोपाल के सभी चौराहे लेफ्ट टर्न फ्री हो। पहली बैठक में भोपाल के सभी चौराहों को लेफ्ट टर्न और ब्लैक स्पॉट फ्री बनाने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट हटाए जाएं। संत हिरदाराम नगर में बन रहे ओवरब्रिज की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि ये निर्माण निर्धारित समय में पूरा होना चाहिए। अगले 2 महीने में बैरागढ़ मार्केट में ब्रिज से जुड़ा काम पूरा करके रोड ट्रैफिक फ्री करें।