Faisal Khan In Bigg Boss 20: टीवी की दुनिया का सबसे बड़ा रिएलिटी शो ‘बिग बॉस’ एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है. जैसे-जैसे इस नए सीजन (20वां सीजन) के शुरू होने का वक्त नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे हर दिन इस शो से जुड़ी नई खबरें निकलकर आ रही हैं. कुल मिलाकर खूब बज़ बना हुआ है. बतौर होस्ट फैंस एक बार फिर से सलमान खान को देखने के लिए एक्साइटेड हैं. कंटेस्टेंट्स के नामों की भी चर्चा हो रही है. अब इस शो से आमिर खान के भाई फैसल खान का नाम जुड़ रहा है.
फैसल भी कई फिल्मों में बतौर एक्टर काम कर चुके हैं, लेकिन उनका एक्टिंग करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया. उन्हें अपने भाई की तरह सफलता नहीं मिली. वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट की मानें तो अब फैसल ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने जा रहे हैं. शो के लिए उनका नाम कंफर्म बताया जा रहा है. जैसे ही फैसल का नाम सामने आया, तुरंत ही वो सोशल मीडिया की सुर्खियों में छा गए.
परिवार पर लगा चुके हैं गंभीर आरोप
फैसल उस समय अचानक से चर्चा में आ गए थे जब उन्होंने अपनी फैमिली और आमिर खान पर एक साल तक घर में कैद रखने, टॉर्चर करने और बिना उनकी मर्जी के दवाइयां देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. उनके इस दावे के बाद परिवार को एक बयान भी जारी करना पड़ा था. परिवार ने आरोप को बिल्कुल गलत बताया था और कहा था कि फैसल की बातों पर ध्यान न दें. साथ ही दवाइयां देने के आरोप पर कहा गया था कि ये फैसला मेडिकल प्रोफेशनल के कंसल्ट से लिया गया है.
फैसल ने ये भी आरोप लगाया था कि उन्हें साल 2008 में ‘बिग बॉस’ से ऑफर आया था. इसका पता आमिर को चला और आमिर ने उन्हें शो में जाने से रोकने का इंतजाम कर दिया. हालांकि, बाद में फैसल ने अपनी फैमिली से इन आरोपों को लेकर माफी भी मांगी थी और कहा था कि उन्होंने ये बातें गुस्से में आकर कह दी, जो उन्होंने नहीं कहनी चाहिए थी.
ये भी पढ़ें-
मुझे मत कास्ट करिए ये आपकी फिल्म के लिए सही नहीं टाइपकास्टिंग से बचने के लिए तापसी पन्नू ने छोड़ी कई फिल्में
Don No. 1 और Mass नागार्जुन की वो 2 फिल्में जिन्होंने TV पर खूब किया राज, OTT पर कहां देख सकते हैं?
‘बिग बॉस 20’ डेट और टाइम
बहरहाल, सलमान खान के तमाम फैंस को ‘बिग बॉस 20’ का इंतजार है. ये शो 6 सितंबर के शुरू होने जा रहा है. हर रोज रात 9 बजे जियो हॉटस्टार पर और रात 10:30 बजे ये शो कलर्स टीवी पर ऑन एयर होगा.

इसराफिल
ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि गया से ताल्लुक रखने वाले इसराफिल TV9 भारतवर्ष के हिंदी डिजिटल विंग में बतौर सीनियर सब-एडिटर काम कर रहे हैं. वो यहां दिसंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन में अपनी जिम्मदेरियां निभा रहे हैं और लोगों तक ताजातरीन खबरें पहुंचा रहे हैं. उनकी कोशिश होती है कि वो हर छोटी-बड़ी खबर की बारीकी को आसान शब्दों में समझा सकें. फिल्मी गॉसिप्स और बी-टाउन के सितारों से जुड़ी किस्से कहानियों में इसराफिल की खास दिलचस्पी है. किताबों और इंटरनेट के जरिए वो अलग-अलग किस्सों को जानने की कोशिश में लगे रहते हैं. उनमें से खास कहानियों को वो अपने पाठकों तक भी पहुंचाते हैं.अपने आबाई शहर से ही शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद इसराफिल ने दिल्ली NCR का रुख किया और चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से एफिलिएटिड IIMT कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता एवं जनसंचार (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई की. TV9 के साथ जुड़ने से पहले वो ABP न्यूज की हिंदी वेबसाइट में कंसल्टेंट राइटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उससे पहले उन्होंने और भी कुछ एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स के लिए काम किया है. उनके पत्रकारिता करियर की शुरुआत JK24×7 न्यूज के साथ बतौर इंटर्न हुई थी."
Read More