Bigg Boss Controversial Contestants: बिग बॉस का घर बाहर से जितना ग्लैमरस दिखता है, अंदर की कहानी उतनी ही उलझी हुई होती है. कैमरे, कंट्रोवर्सी, लड़ाई, दोस्ती और हर दिन बदलते रिश्ते... शो खत्म होने तक कई कंटेस्टेंट्स स्टार बन जाते हैं, लेकिन असली कहानी तो घर से बाहर निकलने के बाद शुरू होती है. किसी को शो ने ऐसी पहचान दी कि करियर चमक उठा, तो कुछ कंटेस्टेंट्स ऐसे भी रहे, जिनकी लाइफ बर्बाद हो गई.

प्रियंका जग्गा

प्रियंका जग्गा,सलमान खान, फोटो- इंस्टाग्राम
प्रियंका जग्गा,सलमान खान, फोटो- इंस्टाग्राम

बिग बॉस 10 में कॉमनर के तौर पर आईं प्रियंका जग्गा ने घर के अंदर मर्यादा की सारी हदें पार कर दी थीं. उन्होंने को-कंटेस्टेंट और मिस इंडिया रनर-अप लोपामुद्रा राउत के चेहरे और रंग-रूप पर कई घटिया और पर्सनल कमेंट्स किए. हद तब हो गई जब उन्होंने मनु पंजाबी की मां के निधन का मजाक उड़ाया. मनु की मां का देहांत शो के दौरान ही हुआ था और वह अंतिम संस्कार के बाद वापस आए थे. एक टास्क में प्रियंका ने उनकी मां को लेकर बेहद असंवेदनशील बातें कह दीं, जिससे पूरा घर उनके खिलाफ खड़ा हो गया.

इस पूरे बवाल पर जब वीकेंड का वार में सलमान खान ने उन्हें समझाने और फटकारने की कोशिश की, तो प्रियंका सुधरने के बजाय सीधे सलमान से ही भिड़ गईं. वह सलमान की बात काटते हुए ऊंची आवाज में बदतमीजी करने लगीं. उनके इस बर्ताव से सलमान इतने खफा हो गए कि उन्होंने बिग बॉस के इतिहास में पहली बार खुद किसी को सीधे घर से निकल जाने का आदेश दे दिया. सलमान ने कलर्स चैनल को भी साफ चेतावनी दे दी कि अगर प्रियंका जग्गा इनके किसी भी शो में दोबारा दिखीं, तो वह कभी चैनल के साथ काम नहीं करेंगे.

अरमान कोहली- विवादों ने घेरा

बिग बॉस 7 में अरमान कोहली अपने हिंसक गुस्से और बेकाबू बर्ताव के लिए सबसे ज्यादा चर्चित रहे. शो के दौरान एक टास्क में ब्रिटिश एक्ट्रेस और मॉडल सोफिया हयात के साथ उनकी तीखी बहस हो गई. गुस्से में आकर अरमान ने सोफिया पर सफाई करने वाला पोछा (mop) दे मारा, जिससे सोफिया के चेहरे और शरीर पर चोट लगी. इस घटना के बाद सोफिया शो से बाहर आते ही सीधे लोनावाला पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अरमान के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज की एफआईआर दर्ज करवा दी.

मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस सीधे बिग बॉस के सेट पर पहुंच गई और अरमान कोहली को शो के अंदर से गिरफ्तार करके थाने ले गई. हालांकि अगली सुबह उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई और वह वापस शो में भेज दिए गए. शो खत्म होने के कई साल बाद 2021 में अरमान का नाम तब फिर चर्चा में आया, जब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने उनके घर पर छापा मारा. उनके पास से कोकीन बरामद हुई थी, जिसके चलते उन्हें दोबारा गिरफ्तार किया गया और उन्हें करीब एक साल जेल की सलाखों के पीछे काटना पड़ा.

जुबैर खान- शो से बाहर आते ही शुरू हुआ कानूनी विवाद

बिग बॉस 11 में जुबैर खान ने खुद को दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर का दामाद बताकर शो में एंट्री ली थी. घर में कदम रखते ही उन्होंने महिला कंटेस्टेंट्स के लिए बेहद अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया. जब भी कोई उनसे बहस करता, तो वह खुद को अंडरवर्ल्ड से जुड़ा बताकर घरवालों को बाहर देख लेने और करियर खत्म करने की धमकियां देते थे.

पहले ही हफ्ते के वीकेंड का वार पर सलमान खान ने उनकी इस हरकत पर जमकर लताड़ लगाई और कहा कि 'अगर तुझे कुत्ता ना बना दिया तो मेरा नाम सलमान नहीं'. नेशनल टीवी पर हुई इस भारी बेइज्जती को जुबैर बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने घर के अंदर डिप्रेशन की ढेरों दवाइयां एक साथ खा लीं. बिग बॉस ने तुरंत डॉक्टर बुलाकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और शो से बेदखल कर दिया. ठीक होते ही जुबैर सीधे पुलिस थाने पहुंचे और सलमान खान के खिलाफ धमकी देने की शिकायत दर्ज करवा दी. उन्होंने मीडिया के सामने दावा किया कि सलमान ने उन्हें इंडस्ट्री में काम न मिलने देने की धमकी दी थी.

सोमी खान और सबा खान - पॉपुलैरिटी मिली, लेकिन करियर की राह आसान नहीं

सबा और सोमी खान, फोटो- इंस्टाग्राम
सबा और सोमी खान, फोटो- इंस्टाग्राम

बिग बॉस 12 में जयपुर की दो सगी बहनें सोमी खान और सबा खान 'कॉमनर जोड़ी' के तौर पर आई थीं. घर के अंदर घुसते ही दोनों ने हर मुद्दे पर अपनी आवाज उठाई और पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंत समेत कई बड़े सितारों से जमकर पंगे लिए. अपने आक्रामक अंदाज, तीखी बहसों और ड्रामे के दम पर दोनों बहनों ने हफ्तों तक शो में भारी स्क्रीन टाइम और फुटेज हासिल की.

शो के दौरान दोनों को खूब पॉपुलैरिटी और चर्चा मिली, लेकिन घर से बाहर आते ही उनके लिए इंडस्ट्री की राह बेहद मुश्किल साबित हुई. बिग बॉस के खत्म होने के बाद उन्हें किसी बड़े सीरियल या मेनस्ट्रीम फिल्मों में कोई खास पहचान नहीं मिल पाई. सोमी और सबा दोनों को ही एक्टिंग की दुनिया में अपने पैर जमाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा और शो का हाई-वोल्टेज फेम उनके करियर को वो मुकाम नहीं दिला सका जिसकी उन्हें उम्मीद थी.

केआरके

बिग बॉस 3 के सबसे चर्चित और विवादित चेहरे कमाल आर खान यानी केआरके ने घर में सीधा फिजिकल वॉयलेंस कर दिया था. एक रात उनकी फैशन डिजाइनर रोहित वर्मा के साथ किसी बात को लेकर भयंकर गाली-गलौज और बहस हो गई. गुस्से में अपना आपा खो चुके केआरके ने पानी से भरी भारी बोतल पूरी ताकत से रोहित वर्मा के मुंह पर दे मारी.

रोहित वर्मा ने ऐन वक्त पर झुककर खुद को बचा लिया, लेकिन वह बोतल सीधे जाकर पीछे सोफे पर बैठीं एक्ट्रेस शमिता शेट्टी को लगी. घर के अंदर किसी भी तरह की हाथापाई या फिजिकल हमला बिग बॉस के नियमों का सबसे बड़ा उल्लंघन माना जाता है. बिग बॉस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना किसी वोटिंग का इंतजार किए उसी रात केआरके को घर से बाहर निकाल दिया. इस घटना के बाद से केआरके ने एक्टिंग से दूरी बना ली और सोशल मीडिया पर सेलेब्स पर विवादित कमेंट्स करके ही सुर्खियों में रहे.

ये भी पढ़ें: एक्स पहले से बिग बॉस 20 में... अब करण वाही मारेंगे Wild Card एंट्री? अविनाश मिश्रा के सामने खोल दिया पूरा प्लान