Time Published: Tuesday, July 28, 2026, 21:06 [IST]

Tej Pratap Yadav released from Beur Jail: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव मंगलवार शाम बेउर जेल से रिहा हो गए। 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान छात्र आंदोलन में शामिल होने और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में उन्हें गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

हालांकि बिहार सरकार ने छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों में दर्ज एफआईआर वापस लेने और प्रदर्शनकारियों की रिहाई का फैसला किया, जिसके बाद तेज प्रताप भी जेल से बाहर आ गए। जेल में रहने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की भी खबरें सामने आई थीं।

Tej Pratap Yadav released from Beur Jail

जेल में बिगड़ी तबीयत, नहीं मिली विशेष सुविधाएं

बेउर जेल में बंद रहने के दौरान तेज प्रताप यादव ने एसी बैरक, घर का खाना और बेहतर सुविधाएं देने की मांग की थी। लेकिन जेल प्रशासन ने साफ कर दिया कि जेल मैनुअल से बाहर किसी भी कैदी को विशेष सुविधा नहीं दी जा सकती। इसी दौरान सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें तीन बार जेल अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत उनका इलाज किया गया, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।

ये भी पढे़ं: Tej Pratap Yadav Jail: बेऊर जेल में तेजप्रताप यादव की बिगड़ी तबीयत, खाना खाने से भी किया इनकार

बिहार सरकार के फैसले से मिली रिहाई

बिहार सरकार ने छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए मामलों की समीक्षा के बाद एफआईआर वापस लेने और प्रदर्शन में शामिल लोगों को रिहा करने का आदेश जारी किया। इसी फैसले के तहत तेज प्रताप यादव को भी बेउर जेल से रिहा कर दिया गया। सरकार के इस कदम को छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों में राहत के तौर पर देखा जा रहा है। रिहाई के बाद तेज प्रताप के समर्थकों ने जेल के बाहर उनका स्वागत किया।

बिहार बंद में छात्रों के साथ सड़क पर उतरे थे तेज प्रताप

25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप यादव गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास छात्र-युवाओं के समर्थन में पहुंचे थे। वह हाथ में तिरंगा लेकर प्रदर्शन का नेतृत्व करते नजर आए और प्रतिमा पर चढ़कर भी विरोध जताया। दिनभर उन्होंने छात्र संगठनों के साथ विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि वह छात्रों के हक की लड़ाई में उनके साथ हैं और उनके अधिकारों के लिए हर संघर्ष करने को तैयार हैं।

ये भी पढे़ं: Bihar News: यूरोप से लौटते ही फायर मोड में तेजस्वी यादव, तेज प्रताप की गिरफ्तारी पर सम्राट सरकार को दी चुनौती

मॉल से दोबारा गिरफ्तारी, कोर्ट ने भेजा था जेल

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पहले तेज प्रताप यादव को हिरासत में लेकर छोड़ दिया था। बाद में उनकी लोकेशन ट्रेस कर पटना के सिटी सेंटर मॉल से दोबारा गिरफ्तार किया गया और नौबतपुर थाने ले जाया गया। वहां मेडिकल जांच के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दंगा भड़काने समेत अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मामले को देखते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेजने का आदेश दिया था।