देश
- Edited by: पीयूष कुमार
- Updated Aug 3, 2026, 09:52 PM IST
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार पर मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की व्यक्तिगत पकड़ वाली सीट थी। उनके चुनाव नहीं लड़ने से नतीजे प्रभावित हुए। वहीं, दतिया उपचुनाव की हार पर उन्होंने कहा कि पार्टी परिणामों पर चिंतन करेगी।
![]()
Bankipur By Election Result: BJP की हार पर कैलाश विजयवर्गीय ने दी प्रतिक्रिया। AI IMAGE
दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से मात दे दिया है। दतिया चुनाव नतीजों पर कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "उपचुनाव का कोई बहुत ज्यादा महत्व होता नहीं है। फिर भी हार-हार होती है और जीत-जीत होती है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि हम इन परिणामों पर चिंतन करेंगे।"
बांकीपुर चुनाव नतीजों पर क्या बोले
वहीं, उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "मैं नितिन नवीन के चुनाव लड़ने के समय में वहां(बांकीपुर) गया था, वो नितिन नवीन की पर्सनल सीट थी, उनके व्यवहार की सीट थी। नितिन नवीन वहां नहीं लड़े तो वहां पर थोड़ा परिणाम गड़बड़ा गया। मुझे लगता है कि व्यक्ति आधारित सीटों में इस प्रकार की घटनाएं हो जाती हैं।"
चुनाव नतीजों पर क्या बोले जीतू पटवारी?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ये ’’दतिया की जनता की जीत, 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद और कांग्रेस नेताओं के सामूहिक प्रयास’’ का नतीजा करार दिया तो भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी इसकी समीक्षा करेगी और उसके निष्कर्षों के आधार पर कदम उठाएगी।
पटवारी ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ’’दतिया की जनता ने मध्यप्रदेश की भाजपा नीत सरकार के भ्रष्टाचार, आतंक और अहंकार के चेहरे को बेनकाब कर दिया है।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी दतिया की जनता का सदैव आभारी रहेगी, जिन्होंने मध्यप्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए बदलाव और भाजपा की विदाई की नींव रख दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उपचुनाव में जीत को पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम बताया और कहा कि वह दतिया की जनता का हृदय से अभिनंदन करते हैं क्योंकि उन्होंने सत्ता के दबाव में झुकने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, ’’यह जीत सिर्फ एक उपचुनाव की जीत भर नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश की हवा में हो रहे बदलाव का संकेत है। हमारे नेता राहुल गांधी ने देश के छात्रों में जो जागृति पैदा की है, आज वह समाज के हर वर्ग को आंदोलित कर रही है।’’ कमलनाथ ने दावा किया भाजपा के कुशासन से समाज का हर वर्ग परेशान है और जनता अब इस भ्रष्ट शासन से मुक्ति चाहती है।
![]()
पीयूष कुमारauthor
पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article