विज्ञापन
सार
Congress on BJP: नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस MP विवेक तन्खा ने BJP पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि BJP में विद्रोह की स्थिति है और पार्टी खुद कांग्रेस का रास्ता आसान करेगी।

सांसद विवेक तन्खा (फोटो सोर्स- नवभारत)
विस्तार
Vivek Tankha On Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के भीतर बढ़ती नाराजगी पर अब कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। जबलपुर में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भाजपा की अंदरूनी कलह को लेकर कहा कि पार्टी इस समय विद्रोह की स्थिति में है और यदि हालात ऐसे ही बने रहे तो भाजपा खुद ही कांग्रेस के लिए जीत का रास्ता आसान कर देगी।
जबलपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान विवेक तन्खा ने कहा कि भाजपा ने अपने एक वरिष्ठ नेता की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखने को मिला है कि किसी पार्टी के फैसले के विरोध में उसी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हों। उनके मुताबिक ऐसा न तो पहले भाजपा में देखने को मिला और न ही किसी अन्य राजनीतिक दल में।
दतिया के हालात असंतुष्टि के संकेत
तन्खा ने कहा कि भाजपा हमेशा खुद को अनुशासित संगठन बताती रही है, लेकिन दतिया में जिस तरह के हालात बने हैं, वे पार्टी के अंदर गहरी असंतुष्टि का संकेत देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेतृत्व समय रहते इस नाराजगी को दूर नहीं कर पाया तो इसका असर केवल दतिया उपचुनाव ही नहीं बल्कि आने वाले विधानसभा चुनावों पर भी पड़ सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
भाजपा ने आशुतोष तिवारी को बनाया उम्मीदवार
गौरतलब है कि भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं देकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों और कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने धरना दिया, हाईवे जाम किया और टिकट बदलने की मांग उठाई। कई पदाधिकारियों के इस्तीफे की भी चर्चा रही।
ये भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव: उमंग सिंघार का बीजेपी पर हमला, बोले- दतिया की सड़कों पर दिख गई भाजपा की गुटबाजी
नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी को बताया सर्वोपरि
हालांकि, डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी के फैसले को स्वीकार करते हुए कहा है कि संगठन का निर्णय सर्वोपरि है और वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे। इसके बावजूद दतिया में टिकट को लेकर उपजा विवाद अब प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है, जिस पर कांग्रेस लगातार भाजपा को घेरने का प्रयास कर रही है।
