BJP Incharge List:भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने गुरुवार को अपने सात प्रमुख मोर्चों के प्रभारियों का ऐलान (In-charges)  कर दिया। पार्टी ने युवा, महिला, SC, OBC, किसान, ST और अल्पसंख्यक मोर्चों की जिम्मेदारी अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। खास बात यह है कि इन सात प्रभारियों में दो नेता मध्य प्रदेश से हैं। पार्टी की ओर से जारी जिम्मेदारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को युवा मोर्चा और आंध्र प्रदेश की वरिष्ठ नेता डी. पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राजस्थान के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया को ST मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा संजय भाटिया को SC मोर्चा, बैजयंत पांडा को OBC मोर्चा, लाल सिंह आर्या को किसान मोर्चा और गजेंद्र सिंह पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

मोर्चों की नई टीम तैयार करने में निभाएंगे अहम भूमिका

इन प्रभारियों की जिम्मेदारी सिर्फ निगरानी तक सीमित नहीं रहेगी। ये नेता संबंधित मोर्चों की कार्यकारिणी तैयार करने, प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति और राज्यों में संगठन की टीम बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। पार्टी ने सभी प्रभारियों को संबंधित मोर्चा अध्यक्षों के साथ समन्वय कर काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इसके जरिए भाजपा अलग-अलग सामाजिक और युवा वर्गों के बीच संगठन को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है।

हरीश द्विवेदी: उत्तर प्रदेश के बस्ती से 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। वह भाजपा के राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्हें युवा मोर्चे का प्रभारी बनाया गया है। डी. पुरंदेश्वरी: आंध्र प्रदेश की वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। वह कांग्रेस में भी रह चुकी हैं और केंद्र में मंत्री के तौर पर काम कर चुकी हैं। दो बार लोकसभा सांसद रहीं और भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्हें महिला मोर्चे की जिम्मेदारी मिली है।

सतीश पूनिया: राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। आमेर से विधायक रहे पूनिया राजस्थान विधानसभा में डिप्टी लीडर ऑफ अपोजिशन की भूमिका भी निभा चुके हैं। उन्हें ST मोर्चे का प्रभारी बनाया गया है।

संजय भाटिया: हरियाणा के करनाल से 2019 में लोकसभा सांसद चुने गए थे। भाजपा हरियाणा के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं और 2026 में हरियाणा से राज्यसभा सांसद बने। उन्हें SC मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है।

बैजयंत पांडा: ओडिशा के केंद्रापाड़ा से लोकसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह BJD से राज्यसभा और लोकसभा सांसद रह चुके हैं। 2019 में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें OBC मोर्चे का प्रभारी बनाया गया है।

लाल सिंह आर्या: मध्य प्रदेश के गोहद से कई बार विधायक रहे हैं और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। भाजपा के SC मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्हें किसान मोर्चे का प्रभारी बनाया गया है।

गजेंद्र सिंह पटेल: मध्य प्रदेश के खरगोन से लोकसभा सांसद हैं। 2019 और 2024 में खरगोन से चुनाव जीत चुके हैं। पेशे से कृषक और राजनीतिज्ञ पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ये भी पढ़ें: Ujjain Khade Hanuman Temple: खड़े हनुमान जी प्रतिमा मामले में बोले SDM गर्ग, बिना विशेषज्ञों की राय के नहीं उठाया जाएगा कोई कदम

17 अगस्त को भाजपा ने घोषित की थी नई राष्ट्रीय टीम

इससे पहले 17 अगस्त को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान किया था। नई राष्ट्रीय टीम में कुल 65 सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें 12 महिलाएं हैं, यानी महिला सदस्यों की हिस्सेदारी करीब 18% है। नई टीम में 14 नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी मिली है, जबकि 51 नए चेहरों को संगठन में जगह दी गई है। 73 साल की वसुंधरा राजे टीम की सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं, जबकि 35 साल के डॉक्टर हेमांग जोशी सबसे युवा चेहरा हैं। आने वाले चुनावों को देखते हुए भी नई टीम में राज्यों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। अगले साल चुनाव वाले उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता, यानी कुल 18 चेहरे राष्ट्रीय टीम में शामिल हैं। 

ये भी पढ़ें:  Apple vs Samsung: ₹3 लाख का iPhone Duo या ₹1.80 लाख का Galaxy Z Fold 8, कौन सा Foldable Phone है ज्यादा पैसा वसूल?