तकनीकी खामी के कारण प्रदेशभर के बिजली उपभोक्ता परेशान, 2 किलोवॉट सोलर सिस्टम लगाने के बाद भी नेट मीटरिंग रुकी, गलत बिजली बिल लिंक होने से बढ़ी परिवारों की आय।

 Family ID Electricity Bill Mapping

हरियाणा में फैमली आईडी और बिजली बिल मैपिंग साइट ठप होने से लोग परेशान।

  • Published: 05 Sep 2026, 04:01 PM IST
  • Last Updated: 05 Sep 2026, 04:03 PM IST

हरियाणा में बिजली निगम की फैमिली आईडी (PPP) से बिजली बिल लिंक करने और गलत बिलों को हटाने से जुड़ा पोर्टल पिछले करीब एक महीने से पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इस तकनीकी गड़बड़ी के चलते पूरे राज्य के उपभोक्ता बेहद परेशान हैं। लोग न तो अपनी फैमिली आईडी में अपना बिजली कनेक्शन जुड़वा पा रहे हैं और न ही किसी दूसरे के नाम पर गलती से चढ़े बिल को हटवा पा रहे हैं। 

सोलर पैनल लगने के बाद भी नेट मीटर का इंतजार
इस सर्वर डाउन की समस्या की सबसे बड़ी मार उन उपभोक्ताओं पर पड़ रही है, जिन्होंने 2 किलोवॉट क्षमता वाले स्टेट सब्सिडी सोलर नेट मीटर के लिए आवेदन किया है।

कई ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोगों के घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगे एक महीना बीत चुका है। हालांकि, फैमिली आईडी में बिजली कनेक्शन की मैपिंग न हो पाने के कारण नेट मीटर लगाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। एक तरफ राज्य सरकार प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ तकनीकी खामियों की वजह से उपभोक्ता सोलर लगाने के बाद भी बिजली निगम के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

गलत मैपिंग से बीपीएल और सरकारी योजनाओं पर खतरा
पोर्टल बंद होने का दूसरा बड़ा नुकसान उन गरीब परिवारों को हो रहा है, जिनकी फैमिली आईडी में किसी अन्य व्यक्ति का बिजली का बिल गलती से मैप हो गया है। पोर्टल बंद होने से इस त्रुटि को सुधारा नहीं जा पा रहा है।

बिजली बिल का आंकड़ा जुड़ने से पोर्टल पर परिवार की वार्षिक आय अधिक दिखाई देने लगी है। नतीजतन, कई पात्र गरीब परिवारों के बीपीएल कार्ड कट रहे हैं और उन्हें अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।

चक्कर काटने को मजबूर ग्रामीण 
• मामला 1 (सीसवाला, हिसार) : गांव सीसवाला निवासी हनुमान, दीपक और लीला राम का कहना है कि उनके आवास पर सोलर पैनल लगे एक महीना हो गया है। पोर्टल बंद होने से फैमिली आईडी लिंक नहीं हो पा रही और वे बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। 
• मामला 2 (गुरेरा, भिवानी) : भिवानी के गुरेरा निवासी बलजीत ने बताया कि उन्होंने सिवानी बिजली निगम कार्यालय के कई चक्कर काटे हैं। एक महीने पहले सोलर लगने के बावजूद नेट मीटरिंग का काम अटका हुआ है। 
• मामला 3 (गलत बिल मैपिंग) : उपभोक्ता कर्मवीर ने बताया कि उनके पिता की फैमिली आईडी में किसी अज्ञात व्यक्ति का भारी-भरकम बिजली बिल जुड़ गया है। पोर्टल ठप होने से सुधार नहीं हो रहा और बढ़ी हुई आय के कारण बीपीएल लाभ बंद होने की कगार पर है।

अधिकारी ने एक-दो दिन में दिक्कत दूर होने का दावा किया 
इस पूरे मामले पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) हिसार के अधिशासी अभियंता (XEN) रविंद्र का कहना है कि फैमिली आईडी की वजह से सोलर नेट मीटर की प्रक्रिया नहीं रुकी है। उन्होंने बताया कि अगर कोई तकनीकी खराबी या सर्वर इश्यू आया है तो उसे एक से दो दिनों के भीतर दुरुस्त कर लिया जाएगा। अधिकारी ने पोर्टल के लंबे समय से बंद होने की जानकारी से इनकार किया है।