Breaking News Live Update 8 September: देश-विदेश में आज 8 सितंबर की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 8 सितंबर की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।  

  • Sep 08, 2026 11:22 IST

    सैटेलाइट तस्वीरों में 90% भारत से गायब दिखे बादल, बिहार के 13 जिलों में बाढ़

    WhatsApp Image

    भारत में मानसून की रफ्तार अब कमजोर पड़ती नजर आ रही है। मौसम विभाग (IMD) की नई सैटेलाइट तस्वीरों में देश के करीब 90 फीसदी हिस्से में बादलों की मौजूदगी काफी कम दिखाई दे रही है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इसका असर खास तौर पर नजर आ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आसमान से बादलों का इस तरह कम होना मानसून की गतिविधियों के कमजोर पड़ने का संकेत माना जा रहा है। हालांकि, मानसून की आधिकारिक वापसी अभी शुरू नहीं हुई है। मौसम में हो रहे इस बदलाव को समुद्र की सतह के तापमान और अल नीनो जैसे मौसमी प्रभावों से जोड़कर देखा जा रहा है।

    बिहार में बाढ़ से 27 लाख लोग प्रभावित

    दूसरी ओर, बिहार के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती समेत कई नदियों के जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी फैल गया है। बताया जा रहा है कि राज्य के 13 जिलों में करीब 27 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से अब तक 20 से अधिक लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत पहुंचाने का काम जारी है। 

  • Sep 08, 2026 07:33 IST

    अमेरिका में 9/11 के संदिग्ध ओमर अल-बायूमी का अल-कायदा से कनेक्शन?

    WhatsApp Image

    अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले के करीब 25 साल बाद मामले की जांच से जुड़ा एक नया खुलासा सामने आया है। बीबीसी की जांच में ओमर अल-बायूमी से जुड़ी ऐसी वीडियो फुटेज मिली है, जो अब तक सार्वजनिक नहीं हुई थी। इस फुटेज ने अल-बायूमी के अल-कायदा और सऊदी कनेक्शन को लेकर पुराने सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है।

    नई फुटेज में अल-बायूमी को अल-कायदा के बाद में प्रमुख नेता बने अनवर अल-अवलाकी के साथ देखा जा सकता है। दोनों सैन डिएगो के पास पेंटबॉल खेलते और आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस दौरान सऊदी अरब के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी की मौजूदगी का भी दावा किया गया है।

    9/11 हमलों के बाद एफबीआई की जांच में अल-बायूमी का नाम सामने आया था। उस पर हमले के दो आरोपियों की मदद करने का संदेह जताया गया था। हालांकि, अल-बायूमी ने खुद को किसी भी तरह के चरमपंथी संगठन से जुड़े होने या सऊदी जासूस होने के आरोपों से हमेशा इनकार किया। वहीं, सऊदी अरब की सरकार भी 9/11 हमलों में अपने अधिकारियों या सरकार की किसी भूमिका से इनकार करती रही है। नई वीडियो फुटेज सामने आने के बाद एक बार फिर इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि एफबीआई के पास उस समय अल-बायूमी के संबंधों को लेकर कितनी जानकारी थी और उस पर किस स्तर तक कार्रवाई की गई थी।               

लेखक