Gumla News: झारखंड के गुमला जिले में तेज रफ्तार के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पालकोट थाना क्षेत्र में मरदा नदी के पास स्कूटी और कार की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में छुट्टी पर घर आए BSF जवान भादो केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पत्नी उर्मिला केरकेट्टा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, BSF जवान भादो केरकेट्टा करीब 15 दिन पहले छुट्टी पर अपने घर आए थे. बुधवार को वह अपनी पत्नी उर्मिला केरकेट्टा के साथ स्कूटी से बाजार गए थे. उर्मिला केरकेट्टा आंगनबाड़ी सेविका हैं. बाजार से लौटते समय मरदा नदी के पास उनकी स्कूटी की सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई.
जवान की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी और कार की टक्कर इतनी तेज थी कि BSF जवान भादो केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. जवान की पत्नी उर्मिला केरकेट्टा भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं. इसके अलावा कार में सवार बसिया निवासी लक्ष्मण उरांव, उनकी पत्नी रेणु उरांव और करीब दो साल की उनकी बेटी भी घायल हुई है.
ये भी पढे़ं- झारखंड के पलामू में करमा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, विसर्जन करने गए 5 बच्चे कोयल नदी में डूबे 4 की मौत
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. पालकोट थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है. साथ ही BSF जवान के शव को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
छुट्टी पर घर आया था BSF जवान
बताया जा रहा है कि भादो केरकेट्टा करीब 15 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे. छुट्टी के दौरान वह बुधवार को पत्नी के साथ स्कूटी से बाजार गए थे. लौटते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सावधानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं. हाईवे और सड़कों पर लिखा सावधानी हटी, दुर्घटना घटी का संदेश वाहन चालकों को सड़क पर सतर्क रहने की जरूरत की याद दिलाता है.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More