Helmet Buying Tips: ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के साथ लोग हेलमेट भी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खरीद रहे हैं। लेकिन सस्ता और आकर्षक ऑफर देखकर हेलमेट खरीदना सुरक्षा पर भरी पड़ सकता है।

Helmet Buying Tips

सही साइज और फिटिंग का रखें ध्यान

  • Published: 21 Jul 2026, 10:00 PM IST
  • Last Updated: 21 Jul 2026, 10:00 PM IST

Helmet Buying Tips: बाइक या स्कूटर चलाते समय हेलमेट पहनना सिर्फ ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। आजकल ऑनलाइन शॉपिंग का चलन तेजी से बढ़ा है और लोग आकर्षक ऑफर्स व डिस्काउंट के कारण घर बैठे हेलमेट खरीदना पसंद करते हैं। हालांकि, बिना सही जानकारी के ऑनलाइन खरीदा गया हेलमेट दुर्घटना के समय अपेक्षित सुरक्षा नहीं दे सकता। ऐसे में ऑनलाइन हेलमेट ऑर्डर करने से पहले इन जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखें।

1. सही साइज और फिटिंग का रखें ध्यान
ऑनलाइन खरीदारी में हेलमेट पहनकर देखने का विकल्प नहीं होता। इसलिए ऑर्डर करने से पहले अपने सिर का सही माप लें। मेजरिंग टेप को भौंहों के ठीक ऊपर से सिर के सबसे चौड़े हिस्से तक घुमाकर मापें और उसे कंपनी के साइज चार्ट से मिलाएं।

हेलमेट मिलने के बाद उसे पहनकर भी जांचें। सही हेलमेट सिर पर अच्छी तरह फिट होना चाहिए। यह हल्का टाइट महसूस हो सकता है, लेकिन इतना भी नहीं कि दर्द या असहजता होने लगे।

2. सेफ्टी सर्टिफिकेशन जरूर जांचें
हेलमेट खरीदते समय केवल डिजाइन या कीमत पर ध्यान न दें। सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि उस पर ISI, ECE या DOT जैसे मान्यता प्राप्त सेफ्टी सर्टिफिकेशन मौजूद हों। ऐसे हेलमेट तय सुरक्षा मानकों के अनुसार टेस्ट किए जाते हैं और दुर्घटना के समय बेहतर सुरक्षा प्रदान करते हैं।

3. रिटर्न और एक्सचेंज पॉलिसी पढ़ें
कई ई-कॉमर्स वेबसाइट हेलमेट पर नो-रिटर्न या सीमित एक्सचेंज की सुविधा देती हैं। इसलिए ऑर्डर करने से पहले यह जरूर जांच लें कि गलत साइज या किसी अन्य समस्या की स्थिति में हेलमेट बदला या वापस किया जा सकता है या नहीं। भरोसेमंद प्लेटफॉर्म आमतौर पर 30 से 90 दिनों तक रिटर्न या एक्सचेंज का विकल्प देते हैं।

4. यूजर्स के रिव्यू और असली तस्वीरें देखें
सिर्फ प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन के आधार पर फैसला न लें। हेलमेट खरीदने से पहले अन्य ग्राहकों के रिव्यू पढ़ें और उनके द्वारा अपलोड की गई वास्तविक तस्वीरों को भी देखें। इससे हेलमेट की गुणवत्ता, फिटिंग, फिनिश और संभावित कमियों का बेहतर अंदाजा लगाया जा सकता है।

5. मैन्युफैक्चरिंग डेट जरूर देखें
बहुत से लोग यह नहीं जानते कि हेलमेट की भी एक निश्चित लाइफ होती है। समय के साथ इसके अंदर मौजूद फोम और सुरक्षा सामग्री कमजोर होने लगती है। अधिकांश निर्माता लगभग पांच साल बाद हेलमेट बदलने की सलाह देते हैं। इसलिए भारी डिस्काउंट के चक्कर में पुराना स्टॉक खरीदने से बचें और खरीदने से पहले हेलमेट की मैन्युफैक्चरिंग डेट जरूर जांच लें।

निष्कर्ष
ऑनलाइन हेलमेट खरीदते समय केवल कीमत और ऑफर पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। सही साइज, मान्यता प्राप्त सेफ्टी सर्टिफिकेशन, रिटर्न पॉलिसी, ग्राहकों के रिव्यू और मैन्युफैक्चरिंग डेट जैसी बातों की जांच करके ही हेलमेट खरीदें। सही हेलमेट न केवल आपको नियमों का पालन करने में मदद करता है, बल्कि सड़क हादसे की स्थिति में आपकी जान भी बचा सकता है।

(मंजू कुमारी)