Canada Study Permit: कनाडा में पढ़ाई करना हुआ मुश्किल? स्टडी परमिट के नियम हुए सख्त

कनाडा में पढ़ाई करना हुआ मुश्किल?Image Credit source: Getty Images

कनाडा में पढ़ाई करने की योजना बना रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए स्टडी परमिट से जुड़े नियम अब पहले से ज्यादा सख्त हो गए हैं. कनाडा सरकार ने आवेदन प्रक्रिया में फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट्स की गहन जांच करने का फैसला किया है ताकि केवल वास्तविक और आर्थिक रूप से सक्षम छात्रों को ही स्टडी परमिट मिल सके. हालांकि, धनराशि की न्यूनतम सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन अब फंड के स्रोत, बैंक स्टेटमेंट और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की अधिक विस्तार से जांच होगी. इन नए नियमों का असर भारतीय छात्रों पर भी देखने को मिल सकता है, क्योंकि हाल के समय में कनाडा जाने वाले छात्रों की संख्या में पहले ही गिरावट दर्ज की गई है.

जरूरत पड़ने पर आवेदकों और उनके परिवार से जुड़े रोजगार और आय संबंधी डॉक्यूमेंट्स भी मांगे जा सकते हैं. पहले अतिरिक्त डॉक्यूमेंट केवल अधिक जोखिम वाले मामलों में मांगे जाते थे, लेकिन अब हर आवेदन के तथ्यों के आधार पर ऐसा किया जा सकेगा. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल वही छात्र स्टडी परमिट प्राप्त करें जो पूरे कोर्स के दौरान अपना खर्च उठाने में सक्षम हों.

अब छह महीने का बैंक स्टेटमेंट जरूरी

इसके अलावा अब अधिकारियों को पिछले चार महीने की जगह छह महीने के बैंक स्टेटमेंट देखने की सलाह दी गई है. पेंशन और किराये से होने वाली इनकम को भी फंड के वैलिड स्रोत के रूप में शामिल किया गया है. हालांकि, स्टडी परमिट के लिए जरूरी न्यूनतम धनराशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है. छात्रों को पहले की तरह ट्यूशन फीस, यात्रा खर्च और एक वर्ष के रहने का खर्च दिखाना होगा.

भारतीय छात्रों की संख्या में आई बड़ी गिरावट

कनाडा भारतीय छात्रों की पसंदीदा पढ़ाई की मंजिलों में शामिल रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में वहां जाने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में लगातार कमी आई है. 2026 की पहली तिमाही में भारतीय छात्रों को जारी किए गए स्टडी परमिट पिछले कई वर्षों के मुकाबले सबसे कम स्तर पर रहे. वहीं, 2025 की तुलना में भी इसमें 40 प्रतिशत से अधिक गिरावट दर्ज की गई.

फर्जी आवेदनों पर सख्ती

विशेषज्ञों का मानना है कि कनाडा सरकार इमिग्रेशन प्रणाली को ज्यादा पारदर्शी और सख्त बनाने की दिशा में काम कर रही है.इसी के चलते स्टडी परमिट, लैंग्वेज टेस्ट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया को और कड़ा किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य फर्जी आवेदनों पर रोक लगाना और वास्तविक छात्रों को ही एडमिशन देना है. ऐसे में कनाडा में पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों को आवेदन से पहले अपने सभी वित्तीय और अन्य दस्तावेज पूरी तरह सही और प्रमाणित रखने की सलाह दी जा रही है.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button