Car Modification: कार को स्टाइलिश और यूनिक बनाने के लिए कुछ आफ्टरमार्केट मॉडिफिकेशन ट्रैफिक नियमों के खिलाफ हैं। इन पर भारी चालान कट सकता है।
इन मॉडिफिकेशन पर कटेगा चालान
- Published: 16 Aug 2026, 10:14 PM IST
- Last Updated: 16 Aug 2026, 10:14 PM IST
Car Modification: अपनी पुरानी या नई कार को एक यूनिक और कूल लुक देने के लिए बहुत से लोग उसमें आफ्टरमार्केट मॉडिफिकेशन करवाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार में किए गए कई सारे बदलाव पूरी तरह से गैर-कानूनी है? अगर आप बिना जाने अपनी कार में मॉडिफिकेशन करवाते हैं तो ट्रैफिक पुलिस भारी चालान काट सकती है या गाड़ी जब्त भी कर सकती है।
किन बदलावों पर चालान?
फैंसी या लाउड एग्जॉस्ट: गाड़ी में तेज आवाज करने वाले पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले साइलेंसर लगवाना पूरी तरह से बैन है।
सस्पेंशन और चेसिस: गाड़ी की ऊंचाई बहुत ज्यादा बढ़ाना या घटाना या फिर उसके चेसिस के साथ छेड़छाड़ करना गैर-कानूनी है।
डार्क सन फिल्म: कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाना सख्त मना है। बता दें कि शीशों की पारदर्शी (Transparency) कम से कम 50% या 70% होनी चाहिए।
प्रेशर हॉर्न: तेज और कानों को चुभने वाले प्रेशर या मल्टी-टोन हॉर्न का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
बॉडी कलर बदलना: अगर आप अपनी कार का ओरिजिनल कलर RC में दर्ज रंग से अलग कराते हैं, तो यह अवैध है।
ओवरसाइज्ड अलॉय व्हील्स: कार के बंपर से बाहर निकलने वाले बहुत बड़े अलॉय व्हील्स और टायर्स लगवाना नियम के खिलाफ है।
कौन-कौन से बदलाव लीगल हैं?
कार रैपिंग: अगर आप अपनी गाड़ी का मूल रंग नहीं बदल रहे हैं और सिर्फ सुरक्षा के लिए PPF या क्लियर रैप करवा रहे हैं तो यह लीगल है।
कंपनी का सामान: कार में रिवर्स पार्किंग कैमरा, इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सीट कवर, रूफ रैक या एंबिएंट लाइटिंग लगवाना पूरी तरह से लीगल है।
CNG किट लगावाना: आप अपनी पेट्रोल/डीजल कार में सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त CNG किट लगवा सकते हैं लेकिन इसे अपनी RC में दर्ज कराना जरूरी है।
कंपनी-स्पेसिफिकेशन टायर्स: कार निर्माता द्वारा सुझाए गए साइज के अलॉय व्हील और टायर्स बदलवाए जा सकते हैं।
ध्यान रखें ये बातें
अगर आप अपनी कार के कलर, इंजन या फ्यूल टाइप में कोई बड़ा बदलाव करना चाहते हैं तो सबसे पहले अपने स्थानीय RTO से लिखित अनुमति लें और इसे अपनी RC में अपडेट कराएं। साथ ही, सुरक्षा नियमों का पालन करें और भारी जुर्माने से बचें।
(मंजू कुमारी)