Churu News: चूरू जिले के सरदारशहर में जिम में एक्सरसाइज करते समय एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की अचानक गिरने से मौत हो गई. प्रिंसिपल बीरबलराम मेघवाल (49) ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े. हादसे में उनके सिर में चोट आई. जिम में मौजूद लोग उन्हें तुरंत राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ट्रेडमिल पर दौड़ते हुए अचानक गिरते दिखाई दे रहे हैं.
ट्रेडमिल पर दौड़ते समय अचानक गिरे
बीरबलराम मेघवाल बीते मंगलवार शाम को सरदारशहर के एक फिटनेस जिम में एक्सरसाइज करने गए थे. वह ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर फर्श पर गिर पड़े. गिरने से उनके सिर में चोट लग गई. जिम में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और बिना देर किए राजकीय अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रिंसिपल की अचानक मौत की खबर से उनके परिवार में मातम छा गया.
ये भी पढ़ें- मैं भीख मांग रहा हूं, मां को BJP का टिकट नहीं मिलने पर फूट-फूटकर रोए जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन
आसपालसर गांव के सरकारी स्कूल में थे प्रधानाचार्य
सरदारशहर पुलिस थाने के एएसआई धर्मवीर के अनुसार, नीमरासर निवासी गौरीशंकर पुत्र मांगीलाल मेघवाल ने पुलिस को घटना की रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट में बताया गया कि उनके बड़े भाई बीरबलराम मेघवाल आसपालसर गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे. वह अपने परिवार के साथ सरदारशहर में रहते थे.
सामने आया घटना का CCTV वीडियो
घटना के बाद जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे का वीडियो सामने आया है. इसमें बीरबलराम मेघवाल ट्रेडमिल पर दौड़ते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ता है और वह नीचे गिर जाते हैं. घटना के बाद जिम में मौजूद लोग उनकी मदद के लिए पहुंचते हैं. वीडियो सामने आने के बाद इस घटना की चर्चा क्षेत्र में हो रही है. प्रिंसिपल की अचानक मौत से उनके परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
स्थानीय लोगों ने मौत की वजह हृदय गति रुकना होने की आशंका जताई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बीरबलराम मेघवाल की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है.

ध्वज आर्य
राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.
Read More