CG Crime: रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोस्त शराब पार्टी के बहाने उसे सुनसान मैदान में ले गए, जहां विवाद के बाद उस पर और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

सात दिन तक अस्पताल में इलाज के बाद शाकिब की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शराब पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्त पर हमला

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दोस्ती को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के बाद मौत हो गई। आरोप है कि शाकिब को उसके परिचित शराब पार्टी का बहाना बनाकर घर से ले गए थे। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे शाकिब का सात दिनों तक अस्पताल में इलाज चला, लेकिन रविवार को उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

खाली मैदान में वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के मुताबिक, 12 जुलाई की शाम रामसागर पारा निवासी सोनू नामक युवक शाकिब को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास खाली मैदान में दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने पहले पेट्रोल डाला और फिर आग लगा दी। आग की चपेट में शाकिब के साथ उसकी बाइक भी आ गई और पूरी तरह जल गई।

यह भी पढ़ें: CG Newborn Death: कोरबा के निजी अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों ने स्टाफ से की मारपीट, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

चश्मदीदों ने बताई पूरी घटना

घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों का दावा है कि शाकिब बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सात दिन तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: UP Block Pramukh Prashasak: उत्तर प्रदेश में पहली बार 826 ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक बनाया, सरकार का बड़ा फैसला

परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। उनका कहना है कि पुलिस ने घटनास्थल का भी ठीक से निरीक्षण नहीं किया और जांच की रफ्तार बेहद धीमी रही। शाकिब की मौत के बाद रविवार को बड़ी संख्या में परिजन सरस्वती नगर थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर डटे रहे।

यह भी पढ़ें:Breaking News Live Update 19 July: इंग्लैंड ने भारत को दिया 388 रन का टारगेट, आज जो जीता सीरीज उसकी

पुलिस का क्या कहना है?

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Datia By-Election: दतिया उपचुनाव में संजना सिंह की एंट्री, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर ने बदला चुनावी समीकरण