CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। कोरबा में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48 प्रतिशत पहुंच गया है। पानी का स्तर बढ़ने के बाद एहतियात के तौर पर डैम के 5 गेट खोले गए हैं। इन गेटों से हसदेव नदी में 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने नदी किनारे बसे 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/08/15/screenshot-2026-08-15-173706-2026-08-15-17-40-13.png)
35 गांवों में प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
बांगो डैम के 5 गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया है। नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जानकारी दी गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
अलर्ट वाले गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में अगले आदेश तक नहीं बिकेगा खाद: ई-टोकन व्यवस्था का विरोध बढ़ने पर स्टॉक मिलान के लिए बिक्री पर रोक
अगले 2 दिन बारिश का ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 15 और 16 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
17 और 18 अगस्त को भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 19 अगस्त को भी भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। 20 और 21 अगस्त को बारिश की संभावना रहेगी, लेकिन इन दोनों दिनों के लिए कोई चेतावनी नहीं है।
यह भी पढ़ें: Breaking News Live Update 15 August 80th Independence Day: अटारी-वाघा बॉर्डर पर दिखा देशभक्ति का जोश, बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी में उमड़ा जनसैलाब
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 15 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हुई है। सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे ज्यादा 32.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में बिलासपुर में 29 मिलीमीटर, पेंड्रा रोड में 30 मिलीमीटर, अंबिकापुर में 9.8 मिलीमीटर और जगदलपुर में 35.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रायपुर के लालपुर और माना एयरपोर्ट पर 3.6-3.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
यह भी पढ़ें: दुर्ग में नौकरी की मांग कर रहे छात्रों पर कार्रवाई : प्रदर्शनकारी 5 स्टूडेंट्स को SDM का नोटिस, 50-50 हजार के बॉन्ड पर मांगा जवाब
बारिश सामान्य, 8 प्रतिशत की कमी
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक मौसमी बारिश सामान्य श्रेणी में है। हालांकि सामान्य के मुकाबले करीब 8 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
बांगो डैम और नदी किनारे इलाकों में सावधानी
बांगो डैम का जलस्तर बढ़ने और पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे के गांवों में प्रशासन की नजर बनी हुई है। लोगों को नदी के आसपास जाने से बचने और प्रशासन की चेतावनी का पालन करने की सलाह दी गई है।
बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में भी लोगों को घर के अंदर या सुरक्षित पक्की जगह पर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली की लाइनों के पास जाने से बचने को कहा है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़: बंदी सिंहों की रिहाई की मांग पर हंगामा, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का वॉटर कैनन-आंसू गैस से एक्शन !