Time Updated: Tuesday, October 27, 2026, 17:44 [IST]

BP Singh Death News: टीवी की दुनिया से एक ऐसी खबर आई है, जिसने क्राइम शो 'CID' के फैंस और पूरी टीवी इंडस्ट्री को भावुक कर दिया है। घर-घर में लोकप्रिय हुए इस शो को बनाने वाले बृजेंद्र पाल सिंह यानी बीपी सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। 77 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से CID में दया का किरदार निभाने वाले दयानंद शेट्टी भी भावुक हो गए।

उन्होंने बताया कि बीपी सिंह लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और 27 अक्टूबर सुबह वह सोकर नहीं उठे। उनके जाने से भारतीय टेलीविजन ने ऐसा निर्माता-निर्देशक खो दिया है, जिसने क्राइम शो को एक अलग पहचान दिलाई।

BP Singh Death News

बीपी सिंह का कैसे हुआ निधन?

बीपी सिंह का निधन 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार की सुबह हुआ। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीपी सिंह को सुबह दिल का दौरा पड़ा था। वहीं, सीआईडी में दया का किरदार निभाने वाले दयानंद शेट्टी ने एचटी सिटी से बातचीत में कहा कि बीपी सिंह काफी वक्त से ठीक नहीं चल रहे थे। उम्र से जुड़ी दिक्कतें भी थीं। मंगलवार सुबह वह उठे ही नहीं।

बीपी सिंह को मुंबई के सांताक्रूज स्थित सूर्या अस्पताल ले जाए जाने की खबर भी सामने आई है, लेकिन तब तक उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। उनके निधन की खबर से टीवी जगत में शोक है। अशोक पंडित ने बताया कि बीपी सिंह का अंतिम संस्कार 28 अक्टूबर को किया जाएगा। इसकी विस्तृत जानकारी बाद में साझा किए जाने की बात कही गई।

BP Singh Death CID Creator Brijendra Pal Singh dies

दयानंद शेट्टी ने क्या कहा?

सीआईडी में दया के नाम से मशहूर दयानंद शेट्टी ने बीपी सिंह को याद करते हुए उनके काम के प्रति जुनून का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीपी सिंह की जिंदगी में कंटेंट बनाने के अलावा कुछ और जैसे था ही नहीं। वह अपने काम को लेकर बेहद समर्पित थे और उसमें पूरी मेहनत लगाते थे। दयानंद ने उन्हें बेहतरीन कैमरामैन में से एक भी बताया।

दयानंद शेट्टी बोले,

''बीपी सिंह की तबीयत काफी समय से खराब थी। ऐसे में उनका जाना पूरी टीम के लिए बड़ा झटका है। मैं शॉक्ड में चला गया हूं। सीआईडी को लंबे वक्त तक दर्शकों से जो प्यार मिला, उसमें बीपी सिंह की सोच, निर्देशन और कहानी कहने के अंदाज की बड़ी भूमिका रही।''

BP Singh Death CID Creator Brijendra Pal Singh dies

CID से आहट तक, कौन थे बीपी सिंह?

देहरादून में जन्मे बीपी सिंह को सबसे ज्यादा पहचान क्राइम शो 'सीआईडी' से मिली। यह शो 1998 में शुरू हुआ और भारतीय टेलीविजन के लंबे वक्त तक चलने वाले लोकप्रिय क्राइम शोज में शामिल रहा। बीपी सिंह इसके निर्माता, निर्देशक और क्रिएटर थे। वह शो में कभी-कभी डीसीपी शमशेर सिंह चित्रोले के किरदार में भी नजर आते थे।

उनकी पहचान सिर्फ सीआईडी तक सीमित नहीं थी। उन्होंने हॉरर शो 'आहट' भी बनाया, जिसका प्रसारण 1995 में शुरू हुआ और यह 2015 तक चला। क्राइम और हॉरर, दोनों तरह के शोज में उन्होंने दर्शकों को बांधे रखने वाली कहानियों और प्रस्तुति पर काम किया।

उनके दूसरे प्रोजेक्ट्स में 'खाकी', 'अभय', 'सुपरकॉप्स वर्सेज सुपर विलेन', 'रात होने को है', 'गुटर गू', 'दिव्य दृष्टि' और 'अदालत' जैसे नाम शामिल हैं। फिल्म 'एजेंट विनोद' में उन्होंने रॉ चीफ का किरदार भी निभाया था। वे वेब सीरीज 'अभय' के निर्माता भी रहे।

अशोक पंडित ने दी भावुक श्रद्धांजलि

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने बीपी सिंह के निधन पर दुख जताते हुए उन्हें शानदार निर्माता-निर्देशक और करीबी दोस्त बताया। उन्होंने याद किया कि इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रहने के दौरान उन्हें बीपी सिंह के साथ करीब से काम करने का मौका मिला था।

अशोक पंडित ने कहा कि सीआईडी और आहट जैसे शोज के जरिए बीपी सिंह ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना भी जताई।

FTI से भी रहा जुड़ाव

बीपी सिंह का जुड़ाव फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया यानी एफटीआईआई से भी रहा। वह संस्थान के पूर्व अध्यक्ष थे। उनके निधन पर एफटीआईआई समुदाय ने भी शोक जताया। फैंस और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने उनके काम को याद किया।

बीपी सिंह की खासियत यह थी कि उन्होंने टीवी पर क्राइम की कहानियों को लंबे समय तक दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाए रखा। 'CID' के किरदार, जांच का अंदाज और शो की पहचान कई पीढ़ियों की यादों का हिस्सा बने। उनके जाने से एक ऐसे निर्माता-निर्देशक का सफर खत्म हुआ, जिनका काम भारतीय टेलीविजन की पहचान में लंबे समय तक शामिल रहेगा।