Published: Sunday, July 19, 2026, 20:41 [IST]
Delhi Traffic Advisory 20 July 2026: संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू होने जा रहा है। इसी दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने नीट (NEET) परीक्षा में धांधली के खिलाफ 'चलो संसद' मार्च का ऐलान कर दिया है। इस मार्च के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद चलो मार्च के लिए दिल्ली पुलिस को सूचित नहीं किया है। ना ही उनको इस मार्च के लिए आदेश दिया गया है।
इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने साफ कहा है कि नई दिल्ली इलाके में गाड़ियों की भारी आवाजाही रहेगी और कई रास्तों पर कड़े प्रतिबंध रहेंगे। इसलिए अपने सफर पर निकलने से पहले एक्स्ट्रा समय लेकर चलें।
इन रास्तों पर जाने से पूरी तरह बचें
ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेंज में खास इंतजाम किए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे प्रभावित होने वाले रास्तों पर जाने से बचें।
ये मुख्य रास्ते रहेंगे प्रभावित:
- रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग और मौलाना आजाद रोड
- के कामराज मार्ग, रायसीना रोड और राजेंद्र प्रसाद रोड
- पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड और टॉकटोरा रोड
- पंडित पंत मार्ग और रकाब गंज गुरुद्वारा रोड
इसके अलावा विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन गोलचक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, बूटा सिंह गोलचक्कर, प्राइम चौक गोलचक्कर, जीआरजी गोलचक्कर और जलेबी चौक गोलचक्कर जैसे बड़े जंक्शनों पर जाने से बचने के लिए कहा गया है।
ट्रैफिक से बचने के लिए पकड़ें ये वैकल्पिक रास्ते
जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक रास्तों की लिस्ट भी जारी की है। इन रास्तों का इस्तेमाल करके आप बिना किसी परेशानी के अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं।
वैकल्पिक रास्तों की लिस्ट:
- जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग
- शांति पथ, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग और पंचशील मार्ग
- विनय मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्किल और बाबा खड़क सिंह मार्ग
- आरएमएल गोलचक्कर, मदर टेरेसा क्रेसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग
पुलिस ने सभी गाड़ी चलाने वालों से धैर्य रखने, नियमों का पालन करने और चौराहों पर तैनात जवानों की मदद करने की अपील की है।
20 जुलाई को लेकर दिल्ली पुलिस की क्या है तैयारी?
संसद सत्र और इस मार्च को देखते हुए नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। पीटीआई के मुताबिक दिल्ली पुलिस के एक सीनियर सोर्स ने सुरक्षा इंतजामों की जानकारी देते हुए कहा है कि नई दिल्ली जिले में आने वाली हर एक गाड़ी की बारीकी से चेकिंग की जा रही है। हमने संवेदनशील जगहों और ज्यादा चेक पोस्ट बना रहे हैं। रिजर्व पुलिस बल को बिल्कुल अलर्ट पर रखा है। पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों से कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीमें पूरी तरह तैयार हैं।
पुलिस ने नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली के कई एंट्री पॉइंट्स पर मल्टी-लेयर्ड बैरिकेडिंग कर दी है और चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग चल रही है। सुरक्षा का घेरा जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और शंकर चौक के पास सबसे मजबूत किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह भी साफ कर दिया है कि संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली जिले में किसी को भी किसी तरह का प्रदर्शन करने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी।