CJP Protest: रात 9 बजे से दिल्ली मेट्रो की इन 7 लाइनों पर बंद रहेंगे 57 स्टेशन, यहां चेक करें सभी की लिस्ट

CJP के प्रदर्शन के चलते बंद रहेंगे दिल्ली के ये मेट्रो स्टेशन.

Delhi Metro: राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का फैसला किया है. यह व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे से लागू होगी और 10 अक्टूबर को अगले आदेश तक जारी रहेगी. इस दौरान यात्री इन स्टेशनों से मेट्रो में चढ़ने या बाहर निकलने के लिए गेट का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे.

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान भीड़ बढ़ने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए DMRC को पत्र लिखा था. इसके बाद मेट्रो स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले प्रभावित स्टेशनों की जानकारी जरूर ले लें, ताकि उन्हें रास्ते में परेशानी न हो.

Delhi Metro (1)

57 मेट्रो स्टेशनों पर बंद रहेंगे एंट्री-एग्जिट गेट

DMRC के सर्विस अपडेट के मुताबिक, दिल्ली के कुल 57 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश और निकास बंद रहेगा. प्रभावित स्टेशनों में राजीव चौक, कश्मीरी गेट, केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, आईटीओ, जामा मस्जिद, जनपथ, खान मार्केट, लाजपत नगर, मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, सराय काले खां-निजामुद्दीन, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में आज रात से 57 मेट्रो स्टेशन होंगे बंद, दिल्ली पुलिस ने DMRC को भेजा प्रस्ताव

Delhi Metro

इन स्टेशनों पर यात्री सड़क से मेट्रो स्टेशन के अंदर नहीं जा सकेंगे और न ही स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे. हालांकि, जिन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा है, वहां एक लाइन से दूसरी लाइन में बदलने की सुविधा जारी रहेगी. नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी.

Delhi Metro (1)

10 अक्टूबर को प्रस्तावित है विरोध-प्रदर्शन

राजधानी में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया गया है. प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है. पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं. इसी वजह से प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है.

Delhi Metro (2)

प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और चुनाव आयोग के आसपास के इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है. दी गई जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. संबंधित इलाकों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए गए हैं.

Delhi Metro (3)

दिल्ली में 21 हजार जवानों की तैनाती

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में अर्धसैनिक बलों के करीब 21 हजार जवानों की तैनाती किए जाने की जानकारी दी गई है. जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के साथ करीब एक हजार अतिरिक्त CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं. इन कैमरों से मिलने वाली तस्वीरों पर नजर रखने के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है. यहां से पुलिस अधिकारी संवेदनशील इलाकों की गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे.

पुलिस का मुख्य उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचना है. इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

Delhi Metro (4)

यात्रियों को क्या ध्यान रखना चाहिए?

मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को 9 अक्टूबर की रात 9 बजे के बाद और 10 अक्टूबर को यात्रा की योजना बनाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. प्रभावित स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे स्टेशन या परिवहन के साधनों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है.

यात्रियों को सलाह है कि वे DMRC के आधिकारिक सर्विस अपडेट की जांच करके ही घर से निकलें. यह भी ध्यान रखें कि गेट बंद होने की व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी.

नमो भारत के ये 2 स्टेशन बंद रहेंगे

वहीं विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए नमो भारत के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 9 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे. हालांकि, इस दौरान आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम (उत्तर प्रदेश) के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार सुचारू रूप से चलती रहेंगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दोनों स्टेशनों के बंद रहने को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button