कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 में दिव्यांग उम्मीदवारों की सुविधा से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज (NLUs) के कंसोर्टियम ने सुप्रीम कोर्ट को भरोसा दिया है कि जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान स्क्रीन रीडर सॉफ्टवेयर की जरूरत है, उन्हें इसका इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाएगी. यह मामला CLAT परीक्षा को दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए ज्यादा सुलभ बनाने से जुड़ा है.

सुप्रीम कोर्ट ने कंसोर्टियम और संबंधित पक्षों से संशोधित गाइडलाइंस पर बातचीत की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई सितंबर में होगी. इस साल CLAT का आयोजन दिसंबर में प्रस्तावित है.

आवेदन फॉर्म में स्क्रीन रीडर का विकल्प नहीं

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील अमर जैन ने बताया कि मौजूदा CLAT आवेदन फॉर्म में दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए ऐसा कोई अलग विकल्प उपलब्ध नहीं है, जिसमें वो यह जानकारी दे सकें कि परीक्षा के दौरान वो स्क्रीन रीडर सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करना चाहते हैं. उनका कहना था कि उम्मीदवारों को आवेदन के समय ही यह सुविधा चुनने का विकल्प मिलना चाहिए.

वकील ने अदालत से मांग की कि कंसोर्टियम को निर्देश दिया जाए कि CLAT के आवेदन फॉर्म में स्क्रीन रीडर से जुड़ा विकल्प शामिल किया जाए. इससे ऐसे उम्मीदवार पहले ही अपनी जरूरत के बारे में जानकारी दे सकेंगे और परीक्षा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

सितंबर में फिर होगी सुनवाई

इस मामले की सुनवाई CJI सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच कर रही है. याचिका यश डोडानी की ओर से दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए CLAT को अधिक सुलभ बनाने की मांग को लेकर दायर की गई है.

सुनवाई के दौरान NLUs के कंसोर्टियम ने स्पष्ट किया कि जिन उम्मीदवारों को स्क्रीन रीडर सॉफ्टवेयर की जरूरत होगी, उन्हें CLAT में इसका उपयोग करने की सुविधा दी जाएगी. सुप्रीम कोर्ट ने संशोधित दिशानिर्देशों को लेकर संबंधित पक्षों के बीच चर्चा की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है. अदालत अब इस मामले की प्रगति पर सितंबर में सुनवाई करेगी. CLAT 2027 दिसंबर में आयोजित किया जाना है.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button