मुख्यमंत्री मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर हैं। AIM Congress-2026 में वे मध्यप्रदेश की औद्योगिक और पर्यटन क्षमता पेश करेंगे। UAE के निवेशकों और बड़े उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर निवेश और कारोबारी साझेदारी पर चर्चा होगी।

Mohan Yadav Dubai Visit

दुबई में एमपी का निवेश अभियान: CM मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक बड़े उद्योगपतियों से करेंगे मुलाकात

  • Published: 07 Sep 2026, 10:23 AM IST
  • Last Updated: 07 Sep 2026, 10:23 AM IST

भोपाल: मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर 2026 तक दुबई दौरे पर हैं। इस दौरान वे संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री का मुख्य फोकस प्रदेश में नए निवेश, कारोबारी साझेदारी और औद्योगिक अवसरों को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री दुबई में होने वाली AIM Congress-2026 में शामिल होंगे। यहां मध्यप्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखा जाएगा। दौरे के दौरान वन-टू-वन बैठकें, निवेश सत्र और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ चर्चा का कार्यक्रम है।

6 सितंबर को प्रवासी भारतीयों से संवाद
दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का प्रवासी भारतीय समुदाय की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ODOP यानी एक जिला-एक उत्पाद स्टॉल का उद्घाटन होगा। इसमें मध्यप्रदेश के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।

AIM Congress में एमपी पवेलियन का उद्घाटन
7 सितंबर को मुख्यमंत्री AIM Congress में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। यहां प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर और प्रमुख क्षेत्रों की जानकारी निवेशकों को दी जाएगी।

आज दुबई प्रवास के दौरान अरब संसद के स्पीकर आदरणीय मोहम्मद अहमद अल यामाही और अन्य सदस्यों से मुलाकात की।

इस अवसर पर उन्हें निवेशकों के साथ भोपाल में आयोजित होने वाले आगामी GIS 2027 में आमंत्रित किया।#InvestMP #GIS2027 pic.twitter.com/cxnzm2jGuY

— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 6, 2026

मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद Invest in Madhya Pradesh-India निवेश सत्र में प्रदेश की नीतियों और निवेश संभावनाओं को सामने रखा जाएगा। यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री, थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी और लूलू ग्रुप के चेयरमैन एमडी यूसुफ अली एम.ए. से भी मुलाकात प्रस्तावित है।

बड़े उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठक
8 सितंबर को मुख्यमंत्री UAE के प्रमुख निवेशकों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, डीपी वर्ल्ड, वेस्ट जोन और वीएफएस ग्लोबल सहित कई कंपनियां शामिल हैं। शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ भी निवेश अवसरों पर चर्चा होगी।

इसके अलावा इमार के सीईओ से रियल एस्टेट और शहरी विकास में संभावित निवेश पर बातचीत होगी। 9 सितंबर को मुख्यमंत्री दुबई से नई दिल्ली रवाना होंगे। सरकार का लक्ष्य इन बैठकों को निवेश प्रस्तावों और दीर्घकालीन कारोबारी साझेदारियों में बदलना है।