
महाराष्ट्र सीएम और डिप्टी सीएम ने टाइगर श्रॉफ से की बात Image Credit source: TV9
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना के बाद, महाराष्ट्र सरकार हरकत में आ गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात करके घटना की जानकारी ली और तुरंत जांच शुरू करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से भी बात की और उन्हें उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया. वहीं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी टाइगर से बात की है.
टाइगर श्रॉफ को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “हम सब आपके साथ हैं. हम जल्द ही दोषियों को पकड़ लेंगे. आप चिंता न करें.” इस घटना के बाद, सरकार ने स्पष्ट किया कि पुलिस दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी. दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई गोलीबारी की घटना को चिंताजनक और निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ, दोनों से बात की है. मुंबई पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच करने और दोषियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं.
गोली चलाने वालों को देंगे करारा जवाब
एकनाथ शिंदे ने कहा, “जिन्होंने गोली चलाई है, उन्हें पकड़ा जाएगा, ढूंढा जाएगा और उनकी ही भाषा में करारा जवाब दिया जाएगा.” उन्होंने जोर देकर कहा कि मुंबई और यहां के निवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. चाहे अभिनेता हों या आम नागरिक, सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी है. इस मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
गैंग को बख्शा नहीं जाएगा
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले किसी भी गैंग को बख्शा नहीं जाएगा. 1990 के दशक में मुंबई में हुए गैंग वार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भी मुंबई पुलिस ने ऐसी गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की थी.
महाराष्ट्र में डर पैदा करने की कोशिश
कड़ी चेतावनी देते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि जो लोग मुंबई और महाराष्ट्र में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि सरकार ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं करेगी. इस घटना के पीछे चाहे कोई भी गिरोह या व्यक्ति हो, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
टाइगर और जैकी श्रॉफ से की बात
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने न केवल टाइगर श्रॉफ से, बल्कि उनके पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ से भी बात की है. उन्होंने टाइगर श्रॉफ को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.
#WATCH | अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना | मुंबई | महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हमला हुआ है। ये हादसा चिंताजनक है, निंदाजनक है। इसकी मैं कड़ी निंदा भी करता हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ से भी बात की है। मुंबई पुलिस आयुक्त ने कई टीमें गठित की हैं। जिन्होंने फायरिंग की है, उन्हें पकड़ा जाएगा, ढूंढा जाएगा और उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता मुंबई और मुंबई की जनता को सुरक्षित रखने की है। अभिनेता हों या आम नागरिक हों, उनकी सुरक्षा पुलिस व सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें कहीं भी कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। जो भी गैंग होगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम उसे छोड़ेंगे नहीं। 90 के दशक में भी आपने ऐसी गैंगवार को बड़े पैमाने पर देखा। उस समय भी ऐसी गैंगवार का बंदोबस्त मुंबई पुलिस ने किया था… इसलिए जो भी गैंग इसके पीछे हो, जो भी लोग यहां पर दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें ये सोचना चाहिए कि ये मुंबई है, ये महाराष्ट्र है।”
क्या टाइगर श्रॉफ से आपकी बात हुई? सवाल पर उन्होंने कहा, टाइगर श्रॉफ से, उनके पिता जैकी श्रॉफ से भी मेरी बात हुई। मैंने टाइगर श्रॉफ से कहा कि आप चिंता न करें, सरकार उनके साथ हैं। जितने भी अभिनेता हैं, उनकी सुरक्षा का जायजा लिया जाएगा। उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार उनके साथ है…”
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 18, 2026
शिंदे ने आगे कहा कि राज्य में अभिनेताओं को दी गई सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
कई पुलिस टीमें जांच में जुटी
फिलहाल, कई पुलिस टीमें इस मामले की जांच में जुटी हुई हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फायरिंग की घटना में शामिल लोगों की पहचान कब होती है और पुलिस उन्हें कब गिरफ्तार करती है. वहीं पुलिस मौके से 3 चश्मदीदों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है.

मोहम्मद जुनेद अख्तर
मोहम्मद जुनेद अख्तर करीब 12 साल से मीडिया में काम कर रहे हैं. करियर की शुरुआत साल 2013 में 'अमर उजाला' गाजियाबाद से की थी. यहां इन्होंने करीब एक साल तक रेलवे, कलेक्ट्रेट और आरडब्ल्यूए जैसी बीट पर काम किया. फरवरी 2014 में नवोदय टाइम्स अखबार से जुड़ गए और गाजियाबाद में ही रेलवे, स्पोर्ट्स और एजुकेशन की बीट कवर की. करीब एक साल बाद 2015 में गाजियाबाद से दिल्ली ट्रांसफर हो गया. दिल्ली में अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ जंतर-मंतर पर कई बड़े धरने-प्रदर्शन कवर किए. अगस्त 2016 में दिल्ली से नोएडा ट्रांसफर हो गया. नोएडा में क्राइम बीट पर लगातार करीब तीन साल काम किया. इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के दौरान क्राइम के अलावा गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण और दूसरी बीट भी कवर करने का मौका मिला. 2024 में ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. इस दौरान 'उत्तर प्रदेश टाइम्स' की नोएडा डिजिटल साइट ट्राइसिटी टुडे में भी काम किया. जनवरी 2025 में न्यूज 24 डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया. यहां जुनेद अख्तर ने बतौर सब एडिटर काम किया और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर काम किया. सितम्बर 2025 से TV9 भारतवर्ष की वेबसाइट में सीनियर सब एडिटर के तौर पर जुड़े.
Read More