सम्राट सरकार का बड़ा फैसला, नीतीश कुमार के करीबी अधिकारी को प्रधान सचिव पद से हटाया

CM सम्राट चौधरी के प्रधान सचिव पद से हटाए गए IAS दीपक कुमारImage Credit source: Getty Images/CMO Bihar

बिहार में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है. बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार के पद में बदलाव किया है. उन्हें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है और अब उन्हें बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. दीपक कुमार बिहार के मुख्य सचिव के पद पर भी रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने लंबे समय तक तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रधान सचिव के तौर पर काम किया है. आईएएस दीपक कुमार को नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में गिना जाता रहा है.

1984 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में लगभग साढ़े पांच साल तक सेवा की थी. यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब बिहार लगातार बाढ़, भारी बारिश और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित चुनौतियों का सामना कर रहा है. यह प्राधिकरण आपदा की तैयारी, अंतर-विभागीय समन्वय, राहत योजना और बाढ़, सूखा, चक्रवात, भारी वर्षा और अन्य आपात स्थितियों के दौरान प्रतिक्रिया तंत्र पर काम करता है.

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का क्या काम?

दरअसल, बिहार में बाढ़ प्रबंधन विशेष रूप से महत्वपूर्ण बना हुआ है, जहां मानसून के दौरान कई जिलों में बार-बार जलभराव होता है. नदी के जलस्तर की निगरानी करना, तटबंधों को मजबूत करना, राहत शिविर तैयार करना और समय पर मदद पहुंचाना आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल हैं.

कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं IAS दीपक कुमार

आईएएस दीपक कुमार ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. उन्होंने बक्सर, नालंदा, हजारीबाग और मोतिहारी सहित लगभग 13 जिलों में जिला मजिस्ट्रेट के रूप में काम किया है. इसके अलावा राज्य स्तर पर उनके पास स्वास्थ्य, शहरी विकास, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल, पर्यटन और सूचना एवं जनसंपर्क सहित कई प्रमुख विभागों में भी काम करने का अनुभव है. इतना ही नहीं, उन्होंने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के महानिदेशक और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष के रूप में काम किया है.

ये भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य बनाने की मांग: उमर के प्रस्ताव में ऐसा क्या है, जिससे बिदक गई बीजेपी?

रूपेश कुमार

रूपेश कुमार

लेखक TV9 भारतवर्ष में बिहार और झारखंड के ब्यूरो हेड हैं. इसके पहले वर्षों तक न्यूज़18 में काम किया है. लगभग तीन दशक से टीवी पत्रकारिता में फील्ड, डेस्क और वर्षों तक एंकरिंग भी करते रहे हैं.

Read More

google button